हादसे में क्षतिग्रस्त राजस्थान रोडवेज की बस। संवाद
- फोटो : samvad
अलीगढ़-मथुरा रोड स्थित गांव श्यौरा बहादुरपुर के पास बुधवार सुबह करीब पांच बजे हादसा हो गया। राजस्थान रोडवेज की वातानकूलित बस और ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक-परिचालक सहित 12 लोग घायल हो गए।
राजस्थान रोडवेज की बस जयपुर से अलीगढ़ जा रही थी। इधर, इगलास की ओर से एक ट्रैक्टर ट्रॉली ईंट लेकर मथुरा की ओर जा रही थी। सुबह लगभग पांच बजे श्यौरा बहादुरपुर गांव के सामने बस और ट्रैक्टर में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में 12 लोग घायल हो गए, जिसमें बस चालक विक्रम मीणा निवासी मोटोका थाना बेजू जिला दौसा तथा परिचालक रविंद्र निवासी झुंझनू खेखड़ी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के बाद दो घंटे तक लगा जाम
सूचना पर थाना गोरई पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के मदद से केबिन में फंसे चालक को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। थाना पुलिस ने बताया है कि 12 लोगों को चोट आई हैं। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे के बाद लगभग दो घंटे तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें दोनों ओर लगी रहीं। थाना प्रभारी ज्योति श्रीवास्तव का कहना है कि ट्रैक्टर चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है, प्रार्थनापत्र मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
हादसे में ये लोग हुए घायल
घटना में देवेंद्र, चंद्रशेखर, ओमवती शर्मा, सर्वेश, जितेंद्र, रेनू और नीतू सहित करीब 12 सवारियां चोटिल हुई हैं। चालक-परिचालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। थाना पुलिस ने बताया है कि सवारियों को प्राथमिक उपचार देकर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। अधिकांश सवारियां अलीगढ़ जा रही थीं।