राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग उठने लगी है। सपा छात्र सभा और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने कहा कि अगर छात्र संघ चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो दीक्षांत समारोह में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
सपा छात्र सभा और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने 6 अक्तूबर को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव को लेकर डिप्टी रजिस्ट्रार पवन कुमार ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चुनाव की घोषणा जल्द नहीं होने पर दीक्षांत समारोह में विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
छात्र सभा महानगर अध्यक्ष मो. मोहसिन मेवाती ने कहा कि छात्र संघ चुनाव न कराना सरकार एवं विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी नाकामी है। विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद से ही छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव इमरान पठान ने कहा कि जब से विश्वविद्यालय बना है, तब से छात्र संघ के चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।
इस मौके पर इकाई अध्यक्ष दिनेश यादव, फैजान पठान, हसमुद्दीन अल्वी, आबिद मलिक, महानगर सचिव आसिफ, अनिकेत कुमार, लवकुश कुमार, देवेश कुमार, जतिन कुमार आदि मौजूद रहे।