लगातार बारिश के चलते बृहस्पतिवार को शहर में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। मानिक चौक में पुराने मकान का एक हिस्सा गिर गया। हालांकि, किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके अलावा अनूपशहर रोड पर सड़क का एक हिस्सा बारिश के चलते पूरी तरह कट गया। इससे कई वाहन हादसे का शिकार हो गए। वहीं, शहर में 4 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। शहरी क्षेत्र के सभी सबस्टेशन एहतियात के तौर पर बंद कर दिए गए थे। विभिन्न स्थानों पर जलभराव और कीचड़ के साथ नालों के उफनाने से गंदगी रही।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही बारिश का होना जारी था। लगातार बारिश का नतीजा यह रहा कि शहर के पुराने हिस्सों में जलभराव हो गया। मानिक चौक में एक संस्था डेन के बराबर पुराने मकान का हिस्सा गिरकर ध्वस्त हो गया। सूचना नगर निगम और प्रशासन को दे दी गई। अनूपशहर रोड पर हबीब हॉल के सामने लगातार बारिश के चलते सड़क का एक हिस्सा कटकर बह गया। यहां पानी भरने से वाहन चालक सड़क के कटे हुए हिस्से को नहीं देख सके और हादसे का शिकार हो गए। कालीदह में बुरी तरह जलभराव की स्थिति रही। नई बस्ती और सराय रहमान में कई स्थानों पर पीने की पाइप लाइन में जलभराव का पानी मिल गया। इसकी वजह से यहां पर दूषित पानी की आपूर्ति की समस्या पैदा हो गई।
हाथ पर हाथ रखकर बैठे रहे दुकानदार
अलीगढ़। शहर के प्रमुख बाजार रेलवे रोड, मामू भांजा, महावीर गंज, कनवरी गंज आदि के दुकानदार पूरे दिन हाथ पर हाथ रखकर ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे। क्योंकि बारिश के चलते लोगों की आवाजाही बहुत कम रही। केवल वही लोग घर से निकले जिन्हें बहुत ज्यादा जरूरी काम था। हालांकि शाम को जब बारिश का जोर थमा तब जरूर बाजारों में चहल-पहल दिखाई दी।
बारहद्वारी के तिरपाल मार्केट रही भीड़
अलीगढ़। बारिश के चलते जहां शहर के मुख्य बाजार वीरान दिखाई दिए। वहीं, बारहद्वारी का तिरपाल मार्केट गुलजार रहा। यहां पर प्लास्टिक शेड, तिरपाल खरीदने के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। इस मार्केट के दुकानदारों के लिए यही इनका मुख्य सीजन होता है।
जलभराव के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया
लगातार बारिश के चलते हुए जलभराव और गंदगी से अटे पड़े नालों के विरोध में बृहस्पतिवार की शाम को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इंजीनियर आगा यूनुस नेतृत्व में केला नगर चौराहे पर एक प्रदर्शन किया गया। आगा यूनुस ने कहा कि स्मार्ट सिटी की बात कहने वाला नगर निगम नागरिकों के साथ बहुत बड़ा धोखा कर रहा है। शहर के नाले और नालियों को साफ नहीं किया गया है। जिसका नतीजा यह है कि उनकी गंदगी उफन कर सड़कों पर आ रही है। जबकि लाखों रुपये नाला सफाई के नाम पर खर्च कर दिए गए हैं।
नई बस्ती में मैनहोल का पत्थर गिरा, हादसे का इंतजार
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य व शहर अध्यक्ष शहर कांग्रेस सेवादल शाहिद खान ने कहा कि नगर निगम द्वारा जलभराव सफाई की व्यवस्था में संतोषजनक समस्या का समाधान नहीं है। मोहल्ला नई बस्ती में जलभराव की समस्या व सफाई व्यवस्था में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुद्वारा रोड पर पुलिया के मैनहोल का पत्थर नीचे गिर जाने के कारण रोड से निकलने वाले वाहन तथा पैदल चलने वाले लोग इस कारण दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं कई बार नगर निगम से कहा जा चुका है लेकिन लगता है नगर निगम को बड़े हादसे का इंतजार है।