गुरूद्वारा रोड पर बारिश के बाद जलभराव में होकर गुजरती कार।
- फोटो : CITY OFFICE
क्वार्सी चौराहा स्थित नाहर सिंह मार्केट में नाला चोक होने से पानी घुस गया। इससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सुबह दुकानदारों ने पानी भरा देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन पर विपत्ति का पहाड़ टूटा है।
बृहस्पतिवार रात को जमकर बारिश हुई। शुक्रवार सुबह दुकानदारों को दुकान में पानी प्रवेश करने की सूचना मिली तो भागे-दौड़े आए। सड़क पर जलभराव के बाद पानी मार्केट में प्रवेश कर गया। मार्केट बेसमेंट में है। दुकानों में घुटने भर पानी भर चुका था और नीचे रखे सामान उसमें डूबे हुए थे। दयाल गारमेंट्स एंड साड़ी सेंटर, दिव्या लेडिज कार्नर, श्रीराम इलेक्ट्रीकल, अग्रवाल मेडिकल स्टोर एवं सैनी प्रोविजन स्टोर को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। परचून की दुकानों में रखे खाने-पीने की चीजें बर्बाद हो गई है। नगर निगम द्वारा पानी निकालने के बाद कुछ राहत मिली है। दुकानदारों का कहना है कि नाला चोक होने के कारण सड़क पर जलभराव हुआ और वहां से पानी मार्केट में पहुंच गया। सड़क की तुलना में मार्केट गहराई में है।
सुबह सूचना मिली तब तक देर हो चुका है। मार्केट में पानी घुसने से लाखों का नुकसान हुआ है। हौजरी, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, चूड़ी, सौंदर्य प्रसाधन आदि बेकार हो गए हैं।
- अमित कुमार, दुकानदार, नाहर सिंह मार्केट
दुकान में पानी आने से काफी नुकसान हुआ है। मन रो रहा है। साड़ी और अन्य कपड़े बर्बाद हो गए। इसकी भरपाई होना मुश्किल है। नगर निगम की लापरवाही के कारण नुकसान हुआ है।
- हरदयाल सिंह, दुकानदार