रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अब वेंडर या स्टाल संचालक रेल नीर के अलावा किसी अन्य ब्रांड की पानी की बोतल नहीं बेच पाएंगे। ट्रेनों के भीतर चेकिंग की जिम्मेदारी टीटी और स्टेशन पर आरपीएफ को दी गई है। अगर, कोई वेंडर अन्य किसी ब्रांड की पानी की बोतलों को बेचते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने चौकसी बढ़ा दी है। साथ ही यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में वेंडरों के पास मौजूद स्टाक की चेकिंग टीटी स्टाफ द्वारा की जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर कमीशन के खेल में मनमाने ब्रांड का पानी यात्रियों को ऊंचे दामों पर बेचने का खेल बहुत पहले से चल रहा है। गोरखधंधा इतना अधिक है कि रेल विभाग स्टेशनों पर रेल नीर की बराबर सप्लाई करता है। लेेकिन कमीशन के फेर में ठेकेदार से जुड़े वेंडर मनमानी ब्रांड का पानी बेच रहे हैं। इसकी कई बार यात्रियों ने खराब पानी की शिकायत भी रेलवे अधिकारियों से की है। इसके बाद भी रेलवे ने स्टेशनों पर सिर्फ रेल नीर बेचे जाने का निर्णय लिया है। पिछले एक सप्ताह से इस आदेश पर अमल होना शुरू हो गया है। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार के अनुसार स्टेशन पर स्थापित स्टाल व ट्रेनों में सिर्फ रेल नीर बेचने के आदेश जारी किए हैं। अन्य किसी भी ब्रांड का पानी अगर स्टेशन और ट्रेनों में दिया गया तो कार्रवाई की जाएगी।