खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लाढ़पुर में कृष्ण गोपाल तेल स्पेलर फर्म पर छापा मार कर 800 लीटर सरसों का तेल सीज करा दिया। सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को यह कार्रवाई की।
मौके पर बिक्री के लिए सरसों के तेल के करीब 20 केन पाए गए। मिलावट के संदेह में एक नमूना जांच के लिए लिया गया, जबकि लगभग 800 लीटर सरसों तेल (मूल्य 1.28 लाख रुपये) को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया गया। इसके अलावा सासनी तहसील क्षेत्र में पनीर बनाने वाली एक यूनिट का निरीक्षण किया गया, जहां से पनीर का नमूना संदेह के आधार पर जांच के लिए लिया गया। रणधीर सिंह ने बताया कि सभी नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमकार कुशवाहा, सुरेंद्र कुमार गौंड़ और यदुवीर सिंह शामिल रहे।