राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर गर्मजोशी से स्वागत की तैयारियां हुईं। इसे लेकर सुबह एक बैठक विवेक बंसल की अगुवाई में धर्मपुर कोर्ट यार्ड में हुई। इसी तरह प्रदेश स्तर से आए पदाधिकारी कौशलेंद्र यादव, विपिन पाराशर, गौरांग देव चौहान, सेवादल टीम, युवक कांग्रेस की टीम ने अलग अलग बैठकें कर स्वागत की योजना बनाई है। इस दौरान संगठन की ओर से जिम्मेदारियां तय की गई हैं कि कौन यात्रा के आगे रहेगा और कौन पीछे रहेगा।
सपाइयों को भी यात्रा में शामिल करने की तैयारी
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इंडिया गठबंधन में कांग्रेस और सपा साथ साथ आ रहे हैं, इस लिहाज से सपाइयों को भी आमंत्रण दिया गया है। साथ में लोकदल को भी आमंत्रण दिया गया है। स्थानीय स्तर पर सभी नेताओं से अपील की गई है कि वे भी यात्रा में शामिल हों और नेताओं का स्वागत करें। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में सपाई भी शामिल होने की तैयारी में हैं। सबसे अधिक ताकत दावेदारों के स्तर से दिखाने का अनुमान है। इसमें पूर्व सांसद चौ.बिजेंद्र सिंह, पूव्र विधायक ठा.राकेश सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुमंत किशोर सिंह के अलावा जिला व महानगर कमेटी के स्तर से इस यात्रा में शामिल होने की तैयारी की जा रही है।
रूट रहेगा डायवर्ट
- शहर के प्रमुख सभी मार्गों आगरा रोड, बुलंदशहर रोड, मथुरा रोड, दिल्ली रोड, जीटी रोड, अतरौली रोड से कोई भी भारी वाहन जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। सभी वाहन जिले की सीमा से बाहर या महानगर की सीमा से बाहर बैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे।
- इसी तरह क्वार्सी, महेशपुर तिराहा, बरौली, मोड़, एफएम टॉवर, शमशा मार्केट, तस्वीर महल, डी विश्वास तिराहा, तहसील तिराहा, सारसौल चौराहा, नादा पुल, खेरेश्वर चौराहे पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- यात्रा के समय यात्रा मार्ग से जुड़े छोटे मार्गें पर भी डायवर्जन रहेगा।
- ये डायवर्जन सुबह छह बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। इसे लेकर बीस जगहों पर बैरियर लगाए जाएंगे। क्रेन व पुलिस भी सक्रिय रहेगी।