उधर, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आज हाथरस जाने पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "राहुल गांधी, आपमें निराशा का भाव है, आप हताशा के शिकार हैं। आपको यह भी नहीं पता कि हाथरस मामले की जांच सीबीआई ने कर दी है। मामला कोर्ट में चल रहा है...आज उत्तर प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में, कानून व्यवस्था के मामले में नंबर 1 राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पूरे देश में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा होती है। आज हम कह सकते हैं कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्रांति आ रही है। जबकि आप उत्तर प्रदेश को अराजकता की आग में, दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं, लोगों को भड़काना चाहते हैं। कृपया ऐसा न करें, मेरा आपसे अनुरोध है कि उत्तर प्रदेश पूरे देश में नंबर 1 राज्य बनने की तैयारी कर रहा है..."
राहुल गांधी के हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने को लेकर भाजपा नेता बलदेव सिंह औलख ने कहा कि हाथरस मामले को सीबीआई ने बंद कर दिया है। अब उन्हें वहां हालात भड़काने की जरूरत क्यों है? वह देश में अराजकता क्यों फैलाना चाहते हैं? जब तक योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम हैं...राहुल गांधी के यूपी दौरे करने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। राहुल गांधी से बलदेव औलख ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार द्वारा सिखों के खिलाफ किए गए अत्याचारों के लिए कभी माफी नहीं मांगी...।
राहुल गांधी ने एक्स पर ट्विट कर कहा कि आज हाथरस जाकर 4 साल पहले हुई शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना के पीड़ित परिवार से मिला। मुलाक़ात के दौरान उन्होंने जो बातें बताई उसने मुझे झकझोर कर रख दिया। पूरा परिवार आज भी डर के साए में जी रहा है। उनके साथ क्रिमिनल्स के जैसा व्यवहार किया जा रहा है। वे स्वतंत्र रूप से कहीं आ-जा नहीं सकते हैं - उन्हें हर समय बंदूक और कैमरों की निगरानी में रखा जाता है। भाजपा सरकार ने उनसे जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए हैं। न तो सरकारी नौकरी दी गई है और न ही उन्हें किसी दूसरी जगह घर देकर शिफ्ट करने का वादा पूरा किया गया है। पीड़ित परिवार को न्याय देने के बजाय, सरकार उन पर तरह-तरह से अत्याचार कर रही है। दूसरी तरफ़ आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इस परिवार की हताशा और निराशा भाजपा द्वारा दलितों के ऊपर किए जा रहे अत्याचार की सच्चाई को दिखाते हैं। लेकिन हम इस परिवार को यूं ही इनके हाल पर रहने को मजबूर नहीं होने देंगे। इन्हें न्याय दिलाने के लिए हम पूरी ताक़त के साथ लड़ेंगे।