महासचिव पद के लिए नंमाकन देते दीपक बंसल
- फोटो : संवाद
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2024-25 के लिए 11 दिसंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन सभी पदों के लिए कुल 27 दावेदारों ने अपने समर्थकों के साथ पूरे जोश के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए।
दीवानी परिसर में जुलूस निकालते हुए दावेदार निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन करने पहुंचे। नामांकन प्रक्रिया आज भी जारी रहेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद अधिकृत प्रत्याशी घोषित होंगे।
दीवानी परिसर में पिछले कई दिनों से चुनावी तैयारियां जारी हैं। चुनाव अधिकारी के अनुसार पहले दिन 11 दिसंबर को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही प्रत्याशी और उनके समर्थकों में उत्साह देखा गया। दोपहर में प्रत्याशियों के साथ समर्थक जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते निकले और दीवानी स्थित बार सभागार में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहुंचे।
जहां अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए नामांकन किया गया। निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार शैली के अनुसार आज भी नामांकन होंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी के बाद अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे। 20 दिसंबर को मतदान व 21 दिसंबर को मतगणना होगी ।