राशन खुर्दबुर्द करने में डाटा ऑपरेटर को जेल, चार फरार
- फोटो : Dig Vishal
प्रदेश स्तर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के एनआईसी साफ्टवेयर और आधार लिंकेज प्रणाली में सेंध लगाकर सरकारी अनाज लूटने के मामले में रविवार को अलीगढ़ में तैनात संविदा कर्मी डाटा ऑपरेटर पंकज को जेल भेज दिया गया।
जिसको शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अभी चार अन्य वांछित अब तक फरार हैं। पुलिस ने इनकी धरपकड़ के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि अलीगढ़ कार्यालय में तैनात आपरेटर पंकज व हाथरस का आपरेटर विवेकानंद नगर हाथरस निवासी राकेश प्रबल इस फर्जीवाड़े के मुख्य सूत्रधार हैं।
1.30 लाख का गल्ला किया खुर्द बुर्द
जनपद में फर्जी आधार कार्ड लगाकर निकाले गए करीब 70 क्विंटल गल्ले के मामले में अब तक हुई जांच में पता चला है कि करीब 40 क्विंटल गेहूं व 30 क्विंटल चावल फर्जी तरीके से निकालकर बाजार में बेचा गया है। बाजार में गेहूं का रेट करीब 16 रुपये किलो है। जबकि चावल का रेट 22 रुपये किलो है। इस हिसाब से करीब 64 हजार रुपये का गेहूं और 66 हजार रुपये का चावल बाजार में बेचा गया है।
यह है मामला
प्रदेश स्तर पर 43 जिलों में करीब दो हजार राशन की दुकानों के जरिये 1.86 लाख से अधिक परिवारों का करीब 12 करोड़ का राशन फर्जी आधार कार्ड से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के एनआईसी साफ्टवेयर और आधार लिंकेज प्रणाली में सेध लगाकर लूटने का मामला प्रकाश में आने से हड़कंप मचा हुआ है।