फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

NGT: सड़क पर कीचड़ डाल अलीगढ़ नगर निगम उड़ा रहा एनजीटी आदेश की धज्जियां, अमर उजाला की मुहिम पर आया था आर्डर

Tue, 30 May 2023 03:26 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

2014 में सिल्ट के खिलाफ अमर उजाला की मुहिम पर उद्योग व्यापार संगठन ने एनजीटी में अपील की थी। दो साल बाद साल 2017 में एनजीटी ने नगर आयुक्त व डीएम को कोर्ट में तलब किया था। एनजीटी में शपथ पत्र दिया था कि डेढ़ करोड़ रुपये की सुपर सकर मशीन के जरिए नाले नालियों की सिल्ट को उठा कर मथुरा रोड स्थित एक प्लॉट पर डाला जाएगा। 
विज्ञापन
रामघाट रोड स्थित सड़क पर निकली पड़ी सिल्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ में एनजीटी के सख्त आदेश की अवहेलना कर स्मार्ट सिटी में जगह-जगह सड़क पर सिल्ट डाली जा रही है। जिसकी दुर्गंध और धूल ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। सड़कों पर डाली जा रही सिल्ट दोबारा नालों में जा रही है, जिससे नाले भर रहे हैं। नालों की शहर के आखिरी छोरों तक सफाई नहीं होने से बरसात में जलभराव की समस्या और बढ़ने की संभावना है।

विज्ञापन


शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले रामघाट रोड और स्वर्णजयंती नगर के घर और प्रतिष्ठानों के बाहर कीचड़ फैला दिया गया है। जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे मच्छर, मक्खी और कीड़े पनप रहे हैं। मलेरिया रोधी अभियान को भी पलीता लग रहा है। खिरनी गेट, महेंद्र नगर, निधिवन, सुरेंद्र नगर, बेगम बाग, शाहजमाल, नगला मसानी, नगला तिकोना, अचल रोड, मैलरोज बाईपास, पड़ाव दुबे, किशनपुर, कुंवर नगर, पला रोड, छावनी, पला साहिबाबाद, विष्णुपुरी, सुदामापुरी, रेलवे स्टेशन रोड, डोरी नगर, गूलर रोड, रघुवीरपुरी, अशोक नगर, ओजोन सिटी, क्वार्सी आदि इलाकों में सिल्ट सूख कर धूल के साथ उड़ रही है।

विज्ञापन


घर के आगे कीचड़
शहर के स्वर्णजयंती नगर में नगर निगम ने नाला सफाई अभियान चला रखा है। सोमवार को यहां सड़क पर ही सिल्ट निकाल कर डाल दी गई। इस दौरान कई घरों के आगे सिल्ट निकाल कर डाल दी गई। जिससे लोगों को परेशानी हुई।

प्रतिष्ठान हुए बंद
शहर की लाइफलाइन रामघाट रोड पर कई प्रतिष्ठानों के आगे कीचड़ निकाल कर डाल दिया गया है। अब प्रतिष्ठान में आने जाने की जगह भी बमुश्किल बची है। गंदगी को देखकर ग्राहक भी नदारद हैं। ऐसे में लोगों ने प्रतिष्ठान ही बंद कर दिए।

विज्ञापन

एनजीटी के आदेश

एनजीटी के आदेशों के अनुसार सिल्ट को सड़क पर नहीं डाला जा सकता। सिल्ट को नालों से निकाल कर सीधे नौका नुमा ट्रॉलियों में डालना है। जिसके बाद उसे मथुरा रोड स्थित एक प्लॉट में डंप करना था। यह ट्रॉलियां वाटर प्रूफ हैं। लेकिन, आज तक इन ट्रॉलियों को सड़क पर नहीं देखा गया। अब यह नौका नुमा ट्रॉलियां नगर निगम के नुमाइश ग्राउंड स्थित डंपिंग यार्ड में खड़ी हैं।



एनजीटी में महापौर को भी बनाएंगे पक्षकार
अलीगढ़ शहर में सिल्ट की समस्या को लेकर उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारी मंगलवार को महापौर व नगर आयुक्त से मुलाकात करेंगे। मंडल प्रभारी अनुराग गुप्ता ने बताया कि उन्हें ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें एनजीटी का आदेश भी शामिल होगा। जिसमें साफ लिखा है कि सड़क पर सिल्ट न डाली जाए। आगामी 31 मई को संगठन की ओर से एनजीटी में दोबारा अपील की जाएगी। जिसमें कहा जाएगा कि एनजीटी के वर्ष 2015 के आदेशों पर अमल नहीं हो रहा है, आदेशों की लगातार अवहेलना की जा रही है। इस बार पक्षकारों में महापौर को भी शामिल किया जाएगा।

अमर उजाला की मुहिम पर उद्योग व्यापार संगठन गया था एनजीटी
साल 2014 में सिल्ट के खिलाफ अमर उजाला की मुहिम पर उद्योग व्यापार संगठन आगे आया था, एनजीटी में इसकी अपील की गई। दो साल बाद साल 2017 में एनजीटी ने नगर आयुक्त व डीएम को कोर्ट में तलब किया था। अफसरों ने एनजीटी में लिखित में शपथ पत्र दिया था कि डेढ़ करोड़ रुपये की सुपर सकर मशीन के जरिए नाले नालियों की सिल्ट को उठा कर मथुरा रोड स्थित एक प्लॉट पर डाला जाएगा। इसके लिए सात स्पेशल हायड्रोलिक ट्राली, 100 वॉटर प्रूफ हाथ गाड़ी, 29 वॉटर प्रूफ ट्रालियां, 15 टेंपो टेपर्स खरीदे जाएंगे। 13वें वित्त वर्ष में उक्त उपकरणों की खरीदारी करने की बात कही गई। कुछ खरीदारी हुई भी, लेकिन कुछ दिनों बाद ही सिल्ट फिर से सड़कों पर फैलाई जाने लगी।

साफ-सफाई अभियान के जरिए लोगों को परेशान किया जा रहा है। स्वर्णजयंती नगर में सड़क पर कीचड़ डाल दिया गया है। ऐसे में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल है। -मूलचंद सैनी, स्वर्णजयंती नगर
शहर में कीचड़ की वजह से बुरा हाल है। कीचड़ निकाल कर घर व दुकानों के आगे डाल दी है। वही कीचड़ नालों में दोबारा जा रही है तो सफाई अभियान का क्या फायदा हुआ। -शालू गुप्ता, रामघाट रोड
शहर को हर पहलू पर सुंदर बनाने के लिए कार्ययोजना बन रही है। एक-एक कर सभी पहलुओं पर काम होगा, जिसमें सिल्ट को सड़क पर न डालने और मैकेनिज्म का प्रयोग कर नालों की सफाई कराना प्राथमिकता में है। -प्रशांत सिंघल, मेयर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें