वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय द्वारा 3 करोड़ 38 लाख 57 हजार 182 रुपये का बकाया गृहकर का भुगतान नगर निगम को किया गया है। वित्तीय वर्ष समाप्ति के पहले बकाए गृहकर की वसूली के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दीनदयाल चिकित्सालय से बकाया वसूली के लिए काफी दिनों से प्रयास चल रहा था।
सोमवार को दीनदयाल चिकित्सालय द्वारा 3 करोड़ 38 लाख 57 हजार 182 रुपये का भुगतान नगर निगम के खाते में कराया गया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय एवं आरपी सिंह सहित पूरी टीम को बधाई दी है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने बताया कि कुछ महीने पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय द्वारा करीब 34 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। कर निर्धारण अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि रेलवे रोड स्थित समर्पण कांप्लेक्स ने करीब पांच लाख रुपये जमा कराए हैं। ब्यूरो