तीस हजार रुपये का सरकारी सहायता का चेक दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति कोतवाली क्षेत्र के गांव बहादुरपुर की एक छात्रा से उसका लैपटॉप ठग ले गया। छात्रा ने इस संबंध में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली के गांव बहादुरपुर की रहने वाली छात्रा प्रवेश पुत्री शिवकुमार को इंटरमीडिएट पास करने पर उत्तर प्रदेश सरकार से लैपटॉप मिला था। बुधवार की सुबह एक व्यक्ति उसके घर आया और अपना नाम विनयपाल निवासी धनीपुर मंडी के समीप अलीगढ़ बताया और कहा कि वह डीआईओएस कार्यालय हाथरस से आया है।
ठग ने छात्रा से कहा कि उसको सरकार से तीस हजार रुपये का चैक मिलेगा। इसके लिए उसे अपना लैपटॉप डीआईओएस कार्यालय भेजना पड़ेगा। छात्रा का कहना है कि वह उक्त व्यक्ति के झांसे में आ गई और उसे अपना लैपटॉप दे दिया। जब वह डीआईओएस कार्यालय पहुंची तो उसे जानकारी हुई कि इस तरह की कोई योजना नहीं चल रही है। जब छात्रा ने उक्त व्यक्ति द्वारा दिये गए मोबाइल नंबर पर काल की तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। ठगी का शिकार छात्रा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है।