ऊपरकोट पर उपद्रव के बाद बुधवार को चौथा दिन बीत गया। अब तो बाजार भी खुलने लगा है। हालात सामान्य करते-करते पुलिस-प्रशासन भी पस्त होने लगा है। मगर अफवाहों के दौर के बीच पुराने शहर में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा। यही वजह है कि अभी बाजारों में रौनक नहीं लौट रही और न पुराने शहर की दिनचर्या पटरी पर आ रही। वहीं प्रदर्शनकारियों के हौसले भी कम होने का नाम नहीं ले रहे। शाहजमाल में धरने के साथ-साथ जीवनगढ़ पुलिया पर जाम-धरना बरकरार है। साथ में पुरानी चुंगी के धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने बुधवार शाम मुरादाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया और नारेबाजी के साथ उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस खबर ने पुलिस प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। देर शाम तक उन्हें समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास जारी थे। वहीं एडीजी जोन अजय आनंद शहर के हालात को लेकर यहां कैंप किए हुए हैं। वह हालात सामान्य करने की दिशा में शांति समिति की बैठक के साथ शांति सद्भाव मार्च में भी शामिल हुए।
सीएए और एनआरसी के विरोध में दौरान रविवार को ऊपर कोर्ट कोतवाली के सामने हुए बवाल के बाद इलाके में माहौल बुधवार को भी तनावपूर्ण बना रहा। देहली गेट और ऊपरकोट इलाके के बाजारों में दुकानों को काफी संख्या में दुकानेें बंद रहीं। तनाव के चलते लोग घरों से निकलने में कतरा रहे हैं। लोगों ने एक दूसरे के इलाकों में जाने से परहेज किया। इसका सर्वाधिक असर ऊपरकोट, देहली गेट, तुर्कमान गेट बाबरी मंडी, भुजपुरा, घास की मंडी, चंदन शहीद रोड, शाह जमाल आदि इलाकों के बाजारों में देखने को मिला। यहां दिन भर भीड़ नहीं दिखाई दी। इसे लेकर दोपहर में एडीएम सिटी के नेतृत्व में फ्लैगमार्च भी किया गया। यह ऊपरकोट से शुरू होकर घास की मंडी, चंदन शहीद रोड, बाबरी मंडी, चौड़ी नाली, तुर्कमान गेट, भुजपुरा इलाके के बाजारों में होता हुआ वापस ऊपरकोट कोतवाली पहुंचकर समाप्त हुआ और यहां शांति समिति की बैठक हुई। इस दौरान लोगों से अमन व संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा गया कि किसी अफवाह पर लोग ध्यान न दें। बैनर-पोस्टर लगाने, बांटने या चिपकाने वालों की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
सीसीटीवी से तलाशे जा रहे पोस्टर चिपकाने वाले
बाबरी मंडी के कुछ घरों के दरवाजों पर मंगलवार रात को पोस्टर चिपकाने की घटना के बाद बुधवार को पुलिस प्रशासन पूरे दिन भागदौड़ में लगा रहा। इलाके के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फुटेज में पोस्टर चिपकाने वाले कैद हुए हैं, उन्हें चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। जानकारी मिली है कि पोस्टर चिपकाने वालों में कुछ एएमयू के छात्र शामिल रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पूरी तरह से खंगाले जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ में सभी पोस्टर हटवा दिए गए हैं।
पलायन की अफवाह पर लोगों को समझाया, कहा-घरों में रहें
बाबरी मंडी और उससे सटे कुछ इलाकों में घरों में दो दिन से ताले लगे हुए हैं। उनके विषय में जानकारी करने पर कहा जा रहा है कि वह या तो शहर में ही अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं या फिर मस्जिदों में रह रहे हैं। इस पर अधिकारियों ने शांति समिति की बैठक में कहा कि उन लोगों को अपने घरों पर बुला लिया जाए। मस्जिदों में रह रहे लोगों को समझाकर वापस घरों में भेजा जाए। इस तरह से पलायन की अफवाह न फैलाई जाए। किसी को कोई खतरा नहीं है। किसी को कानून नहीं तोड़ने दिया जाएगा और कानून तोड़ने वाले को हर संभव कार्रवाई झेलनी पड़ेगी।
तुर्कमान गेट इलाके में आरएएफ बल के साथ मार्च करते एडीएम सिटी।- फोटो : CITY OFFICE