फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाहजमाल धरनाः पुलिस और महिलाओं के बीच झड़प, जुमे को लेकर प्रशासन अलर्ट

Thu, 13 Feb 2020 03:08 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
विज्ञापन
शाहजमाल ईदगाह पर धरने पर बैठी महिलाएं - फोटो : Dig Vishal
विज्ञापन
शाहजमाल ईदगाह के सामने सीएए और एनआरसी के विरोध में 15 दिन से जारी धरना प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने बुधवार रात को फिर से धरना स्थल पर मोमबत्तियां जलाकर कुरान की आयतें पढ़ीं। इसके बाद रात 10 बजे करीब नारेबाजी भी जमकर की गई।
विज्ञापन


इस दौरान करीब 800 महिलाएं और पुरुषों मौके पर जमा हो गए। इससे पूर्व मंगलवार रात पुलिस और महिलाओं के बीच हल्की तड़का भड़की हो गई। महिलाओं ने पुलिस पर जबरन धरने से उठाकर घर भेजने का आरोप लगाते हुए इलाके में अफवाह फैला दी। इसके चलते देर रात करीब 2:30 बजे सैकड़ों लोग धरना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत किया।

शाहजमाल ईदगाह के सामने जारी धरना प्रदर्शन में बुधवार की रात करीब नौ बजे धरना स्थल पर अचानक से भीड़ बढ़ गई। महिलाओं और पुरुषों ने वहां फिर से मोमबत्तियां जलाकर कुरान की आयतें पढ़ीं। देर रात करीब 11 बजे तक यह प्रकरण चलता रहा। इस बीच जमकर नारेबाजी भी की गई। किसी भी प्रकार की आशंका को देखते हुए पुलिस अमला अलर्ट हो गया।
विज्ञापन


देर रात करीब एक बजे वहां से भीड़ कम हुई। इधर, मंगलवार की रात करीब 2:30 बजे धरना स्थल पर 50 से 80 के करीब महिलाएं मौजूद थीं। कुछ पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से अनुरोध किया कि वह रात के समय अपने घर जाकर सो जाएं। इसी बात पर महिलाओं ने इलाके के लोगों को फोन कर अफवाह फैला दी कि पुलिस उनको धरने से उठाने की तैयारी कर रही है।

इस पर वहां करीब 200 से 300 लोग आ गए। उन्होंने नारेबाजी की। इस पर पुलिस ने बमुश्किल उनको समझाकर शांत किया। थाना देहली गेट इंस्पेक्टर के मुताबिक पुलिस ने किसी को भी धरना प्रदर्शन करने के दौरान जबरन नहीं उठाया। किसी भी अफवाह फैलाने वालों पर पैनी निगाह है।

जुमे को लेकर अलर्ट हुआ प्रशासन
शाहजमाल धरना प्रदर्शन को देखते हुए कल होने वाली जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन फिर से सतर्क हो गया है। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए एलआईयू को इलाके में सतर्क करते हुए भीड़ का अनुमान लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जुमे के दिन दो अतिरिक्त मजिस्ट्रेटों की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं।

थाना पुलिस धरना स्थल में शामिल लोगों और भीड़ को जुटाने वालों के नाम, पते और बलदियत की जानकारी जुटाने में लगी है। हालांकि प्रशासन का अनुमान है कि जुमे की नमाज के बाद धरना प्रदर्शन को खत्म करने का एलान हो सकता है। एडीएम सिटी राकेश मालपाणी के अनुसार जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन की ओर सुरक्षा व्यवस्था के पूर्ण इंतजाम कर लिए गए हैं। पर्याप्त मात्रा में पुलिस व अन्य सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें