सीएए, एनआरसी और एनपीआर की मुखालफत करते हुए करीब 50 महिलाएं सोमवार दोपहर को ऊपरकोट कोतवाली पहुंच गई। वहां धरने देने की जिद करते हुए नारेबाजी करने लगी। हरकत में आई थाना पुलिस ने तत्काल उनको रोकने के बंदोबस्त करते हुए अधिकारियों को सूचना दी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उनको वहां से हटाकर वापस शाहजमाल भेजा गया।
भुजपुरा, देहली गेट आदि इलाकों की करीब 50 महिलाएं दोपहर करीब तीन बजे ऊपरकोट कोतवाली पहुंची और वह गेट पर ही धरना देने बैठने लगीं। थाना पुलिस ने उनको रोका तो महिलाओं ने विरोध में योगी-मोदी विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे अधिकारी हरकत में आ गए। उन्होंने थाना पुलिस को अलर्ट किया तथा खुद भी मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे तक महिलाओं को समझाने का दौर चलता रहा। जैसे-तैसे समझा बुझाकर महिलाओं को वापस शाहजमाल धरना स्थल पर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार के मुताबिक महिलाओं की टोली थाने के सामने धरना देने आई थी। मगर, समझा-बुझाकर उनको वापस भेज दिया गया।