बदमाशों की गोली से घायल कैशियर कृष्ण कांत तिवारी।
- फोटो : CITY OFFICE
गांधीपार्क थाना क्षेत्र में बेखौफ लुटेरों ने सोमवार सुबह फिर लूट को अंजाम दे डाला। धनीपुर मंडी के सामने फाइनेंस कंपनी के दफ्तर से लुटेरे 11 लाख 31 हजार रुपये लूट ले गए और कैशियर को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से कैशियर गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। वारदात की सूचना पर एसएसपी आकाश कुलहरि सहित पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। घंटों जांच पड़ताल के बाद पुलिस के हत्थे एक सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिसमें एक बदमाश कैद है। इस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। वहीं, इलाके में ताबड़तोड़ वारदातों के बावजूद सक्रियता न दिखाने पर इंस्पेक्टर गांधीपार्क शंभूनाथ सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
बजाज फाइनेंस कंपनी की फ्रेंचाइजी के रूप में संचालित सुपर क्लाउड फाइनेंस कंपनी का धनीपुर मंडी के सामने रामवीर शर्मा के मकान में दफ्तर है। कंपनी ऑटो लोन देने और किस्तों में रुपया वापस लेने का काम करती है। कंपनी के शाखा प्रबंधक राजकुमार निवासी नगला किला क्वार्सी के अनुसार, उनकी कंपनी में कृष्णकांत तिवारी निवासी आदमपुर शेरगढ़ मथुरा बतौर कैशियर कार्यरत है। वह दफ्तर में ही रहता है। वाकया सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे का है। दफ्तर के अंदर मौजूद कृष्णकांत तिवारी तीन दिन का कैश एकत्रित कर उसे बैंक में जमा करने के लिए बैग में रख रहा था। इसी दौरान दफ्तर के दरवाजे पर किसी ने किस्त जमा करने के नाम पर दस्तक दी। जैसे ही कृष्णकांत ने दरवाजा खोला तो तीन लोग अंदर घुस आए और तमंचे तानते हुए रुपयों से भरा बैग उठाकर चल दिए।
कृष्णकांत ने दफ्तर के बाहर निकलते एक बदमाश को पकड़ना चाहा तो उसे धक्का दे दिया। इसके बावजूद कृष्णकांत ने उसके पैर पकड़ लिए। इस दौरान दो बदमाश रुपयों भरा बैग लेकर बाइक से बौनेर की ओर भाग गए, जबकि तीसरे को कृष्णकांत ने पैर पकड़ने के चलते दरवाजे पर रोक लिया और शोर मचाने लगा। बचने के लिए बदमाश ने कृष्णकांत को तमंचे से गोली मार दी, जो उसके पेट को चीरती हुई पीछे निकल गई। इसके बाद तीसरा बदमाश हाथ में तमंचा और हेलमेट लिए पैदल ही बौनेर की ओर भाग गया। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को विष्णुपुरी स्थित नर्सिंग होम में भरती कराया। बाद में पुलिस जांच पड़ताल के साथ बदमाशों की तलाश में जुटी रही। मगर कोई सुराग नहीं लगा। एसएसपी आकाश कुलहरि के अनुसार घटना को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी में एक बदमाश चिह्नित हो गया है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। उन्होंने इंस्पेक्टर को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है।