विधानसभा चुनाव की 10 मार्च को धनीपुर मंडी में होने वाली मतगणना में सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति मतगणना एजेंट नहीं बन सकेंगे। मतगणना कार्मिकों का दो मार्च को पहला रेंडमाइजेशन व चार मार्च को कलेक्ट्रेट सभागार में पोस्टल बैलेट मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। पांच मार्च को कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में मतगणना कार्मिकों को मतगणना प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मतगणना को लेकर शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसरों एवं प्रभारी अधिकारियों को मतगणना के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुरक्षा प्रबंधों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभावार मतगणना के लिए चिह्नित स्थान पर नक्शे के अनुसार फ्लैक्स, बैरिकेडिंग, साउंड, जाली एवं स्टील सीट से कवर्ड करने, मतगणना स्थल पर प्रेक्षकगण, जिलाधिकारी कक्ष, मीडिया सेंटर, चिकित्सा कैंप एवं निर्वाचन कार्यालय आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
चुनाव आयोग की गाइड लाइन को लेकर सभी रिटर्निंग अफसरों को अपनी देखरेख में विधानसभावार कंप्यूटर इंटरनेट कनेक्शन, फोटो कॉपी मशीन व ब्लैकबोर्ड की व्यवस्था कराने के लिए कहा। मतगणना के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के माध्यम से मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति करने एवं सभी मतगणना एजेंटों को फोटोयुक्त रंगीन परिचय पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति मतगणना में एजेंट नहीं बन सकेंगे। अभिकर्ताओं का पुलिस वेरिफिकेशन भी कराया जाएगा। मतगणना की विधानसभावार फीडिंग के लिए स्टाफ, गणना के उपरांत ईवीएम सील करने के लिए स्टाफ की नियुक्ति, डाक मतपत्र मतगणना अभिकर्ताओं की अलग से नियुक्ति होगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि मतगणना कार्मिकों का दो मार्च को पहला रेंडमाइजेशन कराया जाएगा। चार मार्च को कलेक्ट्रेट सभागार में पोस्टल बैलेट मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
पांच मार्च को कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। ईवीएम में डाले गए मतों की गिनती के लिए प्रत्येक विधानसभा में 14-14 टेबल एवं डाक मतपत्रों की गिनती के लिए चार-चार टेबल लगाई जाएंगी। पोस्टल बैलेट की स्कैनिंग के लिए टेबल का निर्धारण किया गया है।
उन्होंने बताया कि खैर विधानसभा में डाक मतपत्रों की स्कैनिंग के लिए चार, बरौली में एक, अतरौली में दो, छर्रा, कोल व शहर में एक-एक, इगलास में चार टेबल लगाई जाएंगी। इनकोर पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग के लिए बीएसएनएल की लीज लाइन का प्रयोग किया जाएगा। नगर निगम को समुचित साफ-सफाई एवं लोक निर्माण विभाग को पंडाल एवं बैरिकेडिंग का कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एडीएम व आरओ मौजूद थे।