फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आठ अरब, 77 करोड़, 99 लाख की जिला पंचायत विकास योजना के प्रस्ताव पास  

Tue, 29 Jan 2019 01:06 AM IST
राजेश सिंह न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
बैठक में भाग लेते अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह नीट। - फोटो : Dig Vishal
विज्ञापन
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को हुई जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जिला पंचायत विकास योजना के वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए आठ अरब, 77 करोड़, 99 लाख की जिला पंचायत विकास योजना के प्रस्ताव पास हुए। ग्राम, क्षेत्र एवं जिला पंचायत के इन समेकित प्रस्तावों को जिले के प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में जल्द ही होने जा रही जिला योजना की बैठक में विभागीय प्रस्तावों के साथ को शामिल करते हुए इस वित्तीय वर्ष की जिला योजना तैयार की जाएगी। 
विज्ञापन


सोमवार को हुई बोर्ड बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू की अध्यक्षता में डीएम चंद्रभूषण सिंह एवं पदेन सचिव सीडीओ दिनेश चंद्र की मौजूदगी में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अली वारिस ने प्रस्तावों पर प्रकाश डाला। जिला पंचायत सदस्यों ने इन प्रस्तावों को पास कर जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

जिला पंचायत विकास योजना की बैठक में वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए आठ अरब, 77 करोड़, 99 लाख रुपये के प्रस्ताव तैयार किये गए हैं। जिला योजना के तहत 12 ब्लॉकों के क्षेत्र पंचायतों के लिए 826.99 करोड़ एवं जिला पंचायत से कराए जाने वाले कार्यों के लिए लगभग 51 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल किये गये।
विज्ञापन


जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत में होने वाली आय के तहत शासकीय अनुदान, कर तथा शुल्क सीपी टैक्स, हड्डी चमड़ा लाइसेंस शुल्क, काजी हाउस, नौका घाट, होर्डिंग्स, संपत्ति किराया, कृषि एवं तरूपालन, ब्याज, प्रकीर्ण, असाधारण तथा ऋण का मूल अनुमान 42.29 करोड़ का प्रस्तावित किया गया।

उपस्थित सभी सदस्यों ने बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह की पत्नी बर्फी देवी के निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां पर कई जिला पंचायत सदस्य व ब्लॉक प्रमुख भी मौजूद रहे।

अपर मुख्य अधिकारी अली वारिस ने बताया कि सोमवार को ग्राम, क्षेत्र एवं जिला पंचायत की ओर से आए प्रस्तावों को हरी झंडी मिली है। इन सभी प्रस्तावों में विभागीय प्रस्ताव शामिल कर इन सभी को जल्द ही होने जा रही जिला योजना की बैठक में प्रभारी मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में पास कराया जाएगा। 

नये लुक में आ रहे जिला पंचायत के दफ्तर 
जिला पंचायत का अंग्रेजी हुकूमत का भवन अब नये रंग रूप में तैयार हो रहा है। पुरानी इमारत को यथावत रखते हुए उसे नये रूप में अंदर से सजाया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष कक्ष, अपर मुख्य अधिकारी कक्ष सहित अन्य कक्षों को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। जिपं अध्यक्ष कक्ष में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और डा. भीमराव अंबेडकर के साथ पीएम मोदी और सीएम योगी की तस्वीरें लगाई गईं हैं। अधिकांश काम हो गया है। कुछेक काम होने बाकी है। जिला पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि पूरे जिला पंचायत भवन को नये रंग रूप में लाने के लिए तकरीबन 80 लाख रुपये से काम हो रहा है। जिसमें 40 से 45 लाख रुपये पंचायत के दफ्तरों, पार्क और बाउंड्रीवाल के वास्ते और बाकी की रकम से कर्मचारियों के टूटे हुए र्क्वाटरों को हटा कर नये टॉवर बनाए जाएंगे। जिसमें आठ फ्लैट बना कर उनको आवासीय सुविधा दी जाएगी। इसके बाद पार्क की टूटी बाउंड्री नई बनेगी। पार्क का सौंदर्यीकरण होगा। बाहर की दुकानों को तोड़ कर नये सिरे से मार्केट बनवाने की योजना भी है। जिससे पंचायत की आय बढ़ाई जा सकेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू ने बताया कि शासन से मंजूरी के मिलने के बाद चरणबद्ध ढंग से विकास कार्य हो रहे हैं। जिसमें सभी जिपं सदस्यों और बोर्ड का पूरा साथ मिल रहा है। 
विज्ञापन


जिला पंचायत विकास योजना एक नजर 
- वर्ष 2018-19 
- मूल अनुमान-35 करोड़
- पुनरीक्षित अनुमान-2.81 करोड़
- प्रारंभिक शेष-36.70 करोड़
- कुल बजट-69.09 करोड़ 

वर्ष 2019-20
- पुनरीक्षित अनुमान-69.09 करोड़ 
- मूल अनुमान 42.29 करोड़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें