क्वार्सी थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दंपती की करीब 26.16 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की है। पुलिस के मुताबिक यह संपत्ति मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित की गई थी। कार्रवाई में 60 वर्ग गज का प्लॉट, एसबीआई बैंक खाते में जमा रकम और एक बाइक शामिल है।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि नौ मई 2026 को क्वार्सी पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें मुख्य सरगना आफताब उर्फ कप्तान और उसकी पत्नी गुड़िया के अलावा नबील, अब्दुल्ला, बिलाल और शहरीन निवासी गली नंबर-10, शहंशाहबाद, थाना क्वार्सी शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39 किलोग्राम गांजा, तमंचा, कारतूस, पुड़िया पैक करने की सामग्री, स्टेप्लर और गांजा बिक्री के 1.05 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दूसरे राज्यों से कम कीमत में गांजा खरीदकर अलीगढ़ लाते थे। इसके बाद थोक और फुटकर में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर शहर में महंगे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार आफताब उर्फ कप्तान और उसकी पत्नी गुड़िया का आपराधिक इतिहास है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।