कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भुजपुरा में सोमवार शाम एक हार्डवेयर एक्सपोर्टर की फैक्टरी में घुसकर तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर 12 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने फैक्टरी कर्मियों के साथ मारपीट भी की।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि घटना के पीछे व्यापारिक लेनदेन और कारोबारी विवाद भी हो सकता है।
मोहम्मद जाकिर की मोहल्ला भुजपुरा में मैसर्स जाकिर मैटल्स के नाम से हार्डवेयर एक्सपोर्ट की फैक्टरी है। फैक्टरी कर्मियों के मुताबिक, घटना के वक्त मो. जाकिर फैक्टरी में मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि मो. जाकिर रोजाना शाम करीब 7:50 बजे कमेटी के काम से फैक्टरी से चले जाते थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बदमाशों को उनके आने-जाने के इस समय की पहले से जानकारी थी, जिसके चलते उन्होंने वारदात के लिए यही समय चुना।
सोमवार रात करीब 8:15 बजे तीन बाइक सवार बदमाश फैक्टरी के गेट तक पहुंचे और बाहर बाइक खड़ी कर अंदर दाखिल हुए। उनके हाथों में हथियार थे। फैक्टरी के अंदर आते ही उन्होंने स्टाफ को धमकाना शुरू कर दिया। जब एक कर्मचारी ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने कैशियर मुनीश के पास पहुंचकर उसके साथ भी मारपीट की और करीब 12 लाख रुपये का कैश लूट लिया।
इसके बाद बदमाश तमंचे लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। पूरी घटना फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और निर्यातक मो. जाकिर से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने कैशियर मुनीश और फैक्टरी मालिक मो. जाकिर को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फैक्टरी तक पहुंचने के लिए जो रास्ता है वह बेहद तंग है। वहां तक बाइक पर पहुंच कर लूटपाट करना बहुत ही मुश्किल है। मौके पर फैक्टरी की स्थिति, घटना के वक्त एक लड़के को पान मसाला लेने भेजना आदि पूछताछ में कई ऐसी बातें सामने आई हैं जो इस ओर संकेत करती हैं कि जैसा बताया गया है वैसा संभवत न हो। जल्द ही पूरी घटना का खुलासा हो जाएगा। - नीरज कुमार जादौन, एसएसपी