जहरीली शराब से बीते चार दिनों में 84 लोगों की जान जाने के प्रकरण की समीक्षा करने के लिए आगरा जोन के एडीजी राजीव कृष्ण सोमवार को अलीगढ़ आए। उन्होंने इस कांड में अब तक हुई पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि तस्करों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जो प्रदेश में नजीर बने। इस समीक्षा बैठक में अलीगढ़ रेंज के डीआईजी दीपक कुमार और एसएसपी कलानिधि नैथानी शामिल रहे।
एडीजी ने कहा कि इस कांड में जो भी आरोपी हैं, उनकी हर हाल में गिरफ्तारी की जाए। किसी को छोड़ा नहीं जाए। इस मामले में अब तक 30 गिरफ्तारी हो चुकी है, हालांकि मुख्य आरोपी भाजपा नेता ऋषि अब तक फरार हैं। उन्होंने ऋषि को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। कहा कि हर हाल में इन आरोपियों की संपत्ति का जब्तीकरण करने के लिए 15 दिन के अंदर कार्रवाई करें। जिससे अलीगढ़ से पूरे प्रदेश में इसका सख्त संदेश जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मजबूत साक्ष्य जुटाएं कि अदालत में किसी को राहत नहीं मिल पाए।
इस दौरान पुलिस के तीन लक्ष्य तय किए गए, जिसमें गिरफ्तारी, मजबूत विवेचना, सजा दिलाना शामिल है। उन्होंने होटलों, ढ़ाबों में ठहरने वाले टैंकरों की हलचल पर नजर रखने के निर्देश दिए। सभी पुराने शराब तस्करों पर गैंगेस्टर और गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाए। उन्होंने बीट आरक्षी का नेटवर्क मजबूत बनाने का निर्देश दिया। जिससे हरेक छोटी बड़ी सूचना मिल सके।