अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के एक सहायक प्रोफेसर अतीबुर रहमान शेरवानी (37 वर्ष) की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना बृहस्पतिवार सुबह ईद की नमाज अदा कर लौटते समय हुई। इस खबर से एएमयू शिक्षक समुदाय और उनके परिवार में शोक छा गया है।
सांख्यिकी विभाग में तैनात शेरवानी नगला पटवारी के निवासी थे। मंजूरगढ़ी बाईपास पर उनकी स्कूटी की सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी से सीधी भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरी स्कूटी को नाबालिग बच्चे चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अतीबुर रहमान स्कूटी से गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सिर में आई गंभीर चोट ही उनकी मृत्यु का मुख्य कारण बनी। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए।
थाना क्वार्सी प्रभारी शिव प्रसाद ने बताया कि परिजनों के लिखित अनुरोध पर पुलिस ने शव बिना पोस्टमार्टम के ही उनके सुपुर्द कर दिया है। परिजनों ने पुलिस को लिखित में दिया है कि वे इस मामले में किसी भी प्रकार की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। एएमयू के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी राहत अबरार ने बताया कि अतीबुर रहमान एक बेहद होनहार शिक्षक थे।