बिजली की मांग बढ़ने पर हरदुआगंज तापीय विद्युत परियोजना की दो और यूनिटों में बृहस्पतिवार से विद्युत उत्पादन शुरू कर दिया गया है, अब परियोजना की तीन यूनिटोंं से 577 मेेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है, सात नंबर यूनिट अभी बंद चल रही है।
परियोजना के महाप्रबंधक एचके गुप्ता ने बताया कि बिजली की मांग बढ़ने के कारण लखनऊ मुख्यालय के आदेश पर आठ और नौ नंबर यूनिट को बृहस्पतिवार की सुबह लाइट-अप किया गया। दोनों यूनिटें दोपहर करीब 12:00 बजे लोड पर आ गईं। वर्तमान में आठ, नौ और दस नंबर यूनिट से विद्युत उत्पादन हो रहा है।
परियोजना की 10 नंबर यूनिट 660 मेगावाट बिजली का उत्पादन करती है, उससे इस समय 341 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। नौ नंबर यूनिट 250 मेगावाट बिजली का उत्पादन करती है, उससे 130 और आठ नंबर यूनिट जो 250 मेगावाट बिजली का उत्पादन करती है, उससे 106 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। सात नंबर यूनिट पहले से ही बंद चल रही है।
तीनों यूनिटों से कुल 577 मेेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। यदि चारों यूनिटें पूरी क्षमता के साथ चलाई जाएं तो 1270 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है। ज्ञात रहे आठ और नंबर यूनिट को मांग में कमी होने के कारण छह दिन पूर्व बंद किया था, जबकि 10 नंबर यूनिट को सोमवार को बंद किया था। बुधवार को पहले 10 नंबर और आज दो यूनिटें चालू की गई हैं।