छुट्टी के बाद छात्रा स्कूल बस से घर लौट रही थी। स्पीड ब्रेकर पर बस उछलने से छात्रा बस के टूटे फर्श से नीचे गिर गई और पहिये की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
अलीगढ़ के गंगीरी क्षेत्र में स्कूली बस के टूटे फर्श से गिरकर मासूम छात्रा की मौत के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने स्कूल प्रबंधन से शनिवार तक स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में जवाब न मिलने पर कार्रवाई आगे बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
खंड शिक्षा अधिकारी गंगीरी से इस संबंध में तत्काल आख्या मांगी गई थी। जांच रिपोर्ट के अनुसार माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल, दादों सीबीएसई बोर्ड से कक्षा 10 तक मान्यता प्राप्त स्कूल है। शनिवार को छुट्टी के बाद छात्रा स्कूल बस से घर लौट रही थी। गांव नगला बंजारा के पास स्पीड ब्रेकर पर बस उछलने से छात्रा बस के टूटे फर्श से नीचे गिर गई और पहिये की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से गंभीर लापरवाही बरती गई।
यह भी पढ़ें... Aligarh News: चलती स्कूल बस के टूटे फर्श से नीचे गिरी छात्रा पहिये से कुचली, हुई मौत, जमकर हंगामा और लगा जाम
बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य को अभिलेखों व मान्यता संबंधी दस्तावेजों के साथ एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में जवाब न मिलने पर स्कूल की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।