भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में पांच फरवरी को नुमाइश मैदान में रैली को संबोधित करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के लिये चक्रव्यूह तैयार कर लिया गया है। एडीजी ट्रैफिक की अगुवाई में बना पांच चक्रीय सुरक्षा प्लान इस कदर अभेद है कि परिंदा भी पर न मार सके।
अपने अभिभाषण के दौरान प्रधानमंत्री एसपीजी के घेरे में रहेंगे तो एसपीजी स्नाइपर्स से लेकर एटीएस कमांडो, स्पेशल एसआई टीम व अंतिम घेरे में स्थानीय पुलिस की टीम मौजूद रहेगी। ड्रोन व सीसी कैमरे समूचे मैदान व हैलीपैड की पल पल की गतिविधियों पर आंखे गड़ाए रहेंगे तो आसपास की बहुमंजिला इमारतों पर भी शूटर्स एवं कमांडो संगीनों व दूरबीन के साथ मौजूद रहेंगे।
रैली से पूर्व एडीजी ट्रेनिंग वीके मौर्या की मौजूदगी में वायु सेना के दो विमानों ने ड्रेस रिहर्सल किया। तीसरा वायुसेना का विमान कार्यक्रम वाले दिन प्रधानमंत्री को लेकर आएगा। इस दौरान मौजूद फोर्स ने प्रधानमंत्री के आगमन, उनका गाड़ी में बैठना, मंच पर पहुंचना, वहां से वापस लौटना, फिर गाड़ी में सवार होना और हैलीपैड स्थल तक जाने के साथ रूट डायवर्जन और पार्किंग का भी ड्रेस रिहर्सल किया। रिहर्सल के बाद एडीजी ने बैठक लेकर अफसरों को सुरक्षा प्लान की ब्रीफिंग की।
पांच चक्रीय सुरक्षा प्लान की ब्रीफिंग करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ उनकी एसपीजी की निजी सुरक्षा पहले चक्र में होगी। इसके बाद एसपीजी स्नाइपर्स का घेरा होगा। इसके बाद एटीएस के कमांडो, चौथे चक्र में लोकल पुलिस के 50 तेजतर्रार उपनिरीक्षक एवं पांचवे चक्र में स्थानीय पुलिस मौजूद रहेगी।
उन्होंने बताया कि फोर्स कितनी रहेगी, यह अभी पूरी तरह तय नहीं हुई है। दरअसल शुक्रवार को आगरा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सभा एवं मेरठ में शनिवार को प्रधानमंत्री की सभा के चलते वहां का फोर्स अब तक नहीं पहुंचा है। आगरा का फोर्स शनिवार सुबह आ जाएगा तो मेरठ का फोर्स शनिवार सायं तक आएगा।
लेकिन इन सभी की पोस्टिंग सुबह ही तय हो जाएगी।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि अब तक उपलब्ध फोर्स में आठ आईपीएस, दोनों कमांडेंट, एंटी करप्शन एसपी, सीबीसीआईडी के दोनों एसपी, 14 एएसपी, 34 डीएसपी तैनात किये गये हैं। एटीएस कमांडोज व एसपीजी के स्नाइपर्स व शूटर शनिवार सुबह पहुंच जाएंगे। रिहर्सल के समय कमिशभनर, डीएम, डीआईजी, एसएसपी सहित पूरा अमला मौजूद रहा।