फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: शहजिल पर एएमयू में हमेशा के लिए प्रतिबंध की तैयारी

विज्ञापन
विज्ञापन
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के वीएम हॉल में समलैंगिक मामले में ब्लैकमेलिंग के आरोपी छात्र शहजिल खान के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। निलंबन के बाद अब उसका प्रवेश निरस्त कर एएमयू में हमेशा के लिए प्रतिबंध लगाने की तैयारी की जा रही है। मामले को अनुशासन समिति के समक्ष भी रखा जाएगा।
विज्ञापन


प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद ने बताया कि शहजिल एएमयू में बीबीए सेल्फ फाइनेंस का छात्र है। उसे वीएम हॉल से संबद्ध किया गया था। उन्होंने बताया कि हॉल से संबद्ध होने का मतलब छात्र को हॉस्टल में रहने की सुविधा मिलना नहीं है। वह वीएम हॉल में अवैध रूप से रह रहा था और अनैतिक गतिविधियों में लिप्त था। इन्हीं मामलों को देखते हुए शहजिल को निलंबित किया गया है। अब अनुशासन समिति के सामने इस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों को रखा जाएगा। इसके बाद यूनिवर्सिटी के नियमों के तहत उसका प्रवेश निरस्त करने और भविष्य में एएमयू में प्रवेश पर स्थायी रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

समलैंगिकता पर खूब चली चर्चा

वीएम हॉल में समलैंगिक संबंधों से जुड़े मामले में ब्लैकमेलिंग के आरोपी छात्र शहजिल खान की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में इसी प्रकरण की चर्चा होती रही। अलग-अलग विभागों में छात्र-छात्राओं के बीच समलैंगिकता और इससे जुड़े सामाजिक एवं कानूनी पहलुओं को लेकर बातचीत होती रही। छात्र इस बात पर भी चर्चा करते नजर आए कि समलैंगिक संबंधों से जुड़े मामलों में सहमति, निजता और कानून की सीमाओं को समझना कितना जरूरी है।
विज्ञापन


जिनका कमरा, वो छात्र गए हैं घर

प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद के अनुसार, वीएम हॉल के मुजम्मिल हॉस्टल के कमरा नंबर 48 में शहजिल रहता मिला, वह बिहार निवासी लुकमान और अम्मार को आवंटित है। लुकमान बीए फाइनल और अम्मार बीएससी फाइनल के छात्र हैं। दोनों की पढ़ाई पूरी हो चुकी है। लुकमान का बैक आया है लेकिन बैक परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। दोनों छात्र ग्रीष्मावकाश में घर गए हुए हैं। इसी दौरान उनके कमरे में शहजिल अवैध रूप रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरे दिन भी हॉस्टलों में हुई जांच

वीएम हॉल की घटना के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी अन्य हॉस्टलों में जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हॉस्टल गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्रॉक्टर ने बताया कि हॉस्टल के गेट पर आने-जाने वालों पर निगरानी बढ़ाई गई है। हर व्यक्ति की जानकारी लेने के बाद ही उसे परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।

शहजिल से नाराज थे जूनियर छात्र

वीएम हॉल में रहने वाले जूनियर छात्रों में शहजिल को लेकर पहले से नाराजगी थी। सूत्र बताते हैं कि शहजिल के हॉल में रहने और उसकी गतिविधियों पर जूनियर सवाल भी उठाते रहे लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। शहजिल के साथ विवाद या विरोध करने पर जूनियरों को दबाव का सामना करना पड़ता था। इसी वजह से छात्र खुलकर शिकायत करने से भी बचते रहे। वीएम हॉल में इस तरह का माहौल बनने से छात्रों की सुरक्षा और हॉल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े हुए हैं।

यूनिवर्सिटी प्रशासन पर साधा निशाना

छात्र नेता मोहम्मद सलमान गौरी ने कहा कि एएमयू की शिक्षा जगत में अलग पहचान है। यहां पढ़ाई और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए दूर-दूर से विद्यार्थी आते हैं। परिसर के अंदर इस तरह की घटनाएं क्यों और कैसे हो रही हैं, इस पर यूनिवर्सिटी प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। वीएम हॉल का प्रबंधन पूरी तरह से फेल नजर आ रहा है। आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आना यूनिवर्सिटी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें