अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने की दिशा में जिला पुलिस लगातार सख्त रुख अपना रही है। अब जिले में ऑपरेशन वांछित शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत ऐसे 1000 अपराधियों को जेल भेजा जाएगा, जो लंबे समय से फरार चल रहे हैं। इसके लिए इन अपराधियों को चिह्नित कर लिया गया है। इन्हें पेशेवर और गैरपशेवर दो श्रेणियों में बांटा गया है। पेशेवर में वो अपराधी हैं, जो लगातार गंभीर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। दूसरे वो हैं, जो झगड़े से लेकर हत्या तक जैसे एक या दो मामलों में फरार हैं। अगस्त माह में यह अभियान शुरू करने की तैयारी है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इसके लिए सभी थानों में वांछित चल रहे अपराधियों की सूची बनाई गई है। जिनको पेशेवर और गैरपेशेवर दो श्रेणियों में बांटा गया है। इन सभी को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा। आगे कोई और अपराध होने से पहले ही इनको अदालत में पेश कर जेल भेजने की तैयारी हो रही है। बता दें कि हाल ही में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार भी संचालित किया था। जिसमें अपराधियों पर कड़ा प्रहार हुआ और कई दर्जन की गिरफ्तारी हुई है। इसी कड़ी में आगे ऑपरेशन वांछित में उन लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा, जो अलग अलग मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर थाना स्तर से कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं।
ऑपरेशन पहचान में बनी ऐसे अपराधियों की सूची
हाल ही में जिला पुलिस ने 20 हजार ऐसे अपराधियों का ब्योरा ऑनलाइन करने के लिए ऑपरेशन पहचान बनाया, जो पिछले दस साल के अपराधों में शामिल रहे हैं। इसमें थाना, चौकी व मोहल्लावार सूची बनाई गई। इस दौरान हर अपराधी के घर जाकर उसका ब्योरा दर्ज किया गया। इस ऑपरेशन पहचान का लाभ मिला है कि पुलिस के दरवाजे पर पहुंचने पर अपराधी डरा हुआ है। साथ ही इसी अभियान में वांछित अपराधियों का ब्योरा एकत्रित हुआ है।
50 हजारी सऊद और पप्पू इतवारी जैसे आएंगे रडार पर
वैसे तो जिले में छोटे बड़े तमाम अपराधी सक्रिय हैं। मगर पुराने रिकार्ड पर गौर करें तो सबसे बड़ा 50 हजार का इनामी सऊद है। मूल रूप से टांडा अंबेडकर नगर का रहने वाला सऊद एनआईए के डीएसपी तंजील दंपती हत्याकांड के मुख्य आरोपी दिल्ली तिहाड़ जेल में निरुद्ध कुख्यात शूटर मुनीर का दोस्त है। एएमय में दाखिला न मिलने पर उसने यहां एक निजी स्कूल में पढ़ाई की और मुनीर से दोस्ती हो गई। वह मुनीर संग 9 अपराधों में शामिल रहा, जिनमें सिविल लाइंस में सिपाही की हत्या कर पिस्टल लूट व एएमयू कैंपस में छात्र आलमगीर की हत्या प्रमुख है। उस पर डीजीपी स्तर से धामपुर बिजनौर में 91 लाख की लूट में 50 हजार का इनाम है। इसके अलावा चंडौस के जहराना का पप्पू इतवारी करीब एक दशक से बहुचर्चित जहराना कांड में 25 हजार का इनामी है। इसी तरह जिले के अन्य तमाम अपराधी इस अभियान में रडार पर आएंगे।
-जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए जल्द अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए एक हजार के करीब अपराधियों की दो श्रेणियों में सूची तैयार की गई है।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी