शहर के कई इलाकों में सोमवार रात बिजली बाधित रहने से लोग परेशान रहे। स्वर्ण जयंती नगर में सोमवार रात 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन होने से करीब तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली निगम के कर्मचारियों ने लाइन में खराबी तलाशने के लिए पेट्रोलिंग शुरू की। रात करीब ढाई बजे आपूर्ति बहाल हो सकी, जबकि मंगलवार सुबह भी स्वर्ण जयंती नगर और अवंतिका फेज-1 फीडर-2 इलाके में करीब दो घंटे तक, महेंद्र नगर के काली मंदिर क्षेत्र में भी करीब दो से ढाई घंटे तक एक फेस की बिजली नहीं आने की शिकायत सामने आई।
इसके अलावा भुजपुरा-कमेला रोड क्षेत्र में भी शाम को बिजली कटाैती व आपूर्ति न होने की शिकायतें मिलीं। अधीक्षण अभियंता शहरी अंशुमान यादव ने बताया कि ब्रेक डाउन व फॉल्ट आने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया था, जिसे टीमों को भेजकर दूर कराया गया।