अलीगढ़। ऊपरकोट पर सोमवार की सुबह बिजली की चेकिंग करने गई टीम को स्थानीय लोगों ने दौड़ा दिया। वह बिजली चेकिंग करने का विरोध कर रहे थे। लोगों के विरोध को देखते हुए टीम लौट आई। बिजली अधिकारियों का कहना है कि इस विरोध से अभियान नहीं रुकेगा। पर्याप्त फोर्स आदि का इंतजाम करके बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
बिजली विभाग को सूचना मिल रही थी कि ऊपरकोट पर कुछ घरों और कारखानों में चोरी से बिजली का उपभोग किया जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार अग्रवाल के निर्देश पर एक टीम सोमवार को मौके पर रवाना की गई। बिजली चेकिंग टीम के छापे की सूचना पर वहां स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और अभियान का विरोध करने लगे।
बताया गया कि कई कारखानों और घरों में चोरी से हैवी लोड ऑपरेट हो रहा था। चेकिंग के विरोध में लोगों ने टीम को घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। इस बीच कुछ लोगों ने बिजली टीम के साथ धक्का-मुक्की करते हुए अभद्रता भी की। मौके की नजाकत को देखते हुए बिजली विभाग की टीम ने वापस लौटना ही मुनासिब समझा।
‘टीम ऊपरकोट गई थी। वहां टीम को चेकिंग करने से रोका गया। इन बातों से अभियान रुकने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि बिजली चोरी किसी भी कीमत पर रोकी जाए। उनके आदेश का पालन होगा। बिजली चोरों के खिलाफ अब फोर्स को साथ लेकर सख्त अभियान चलाया जाएगा’- प्रमोद कुमार अग्रवाल, अधिशासी अभियंता
आज यहां पर बिजली बाधित रहेगी11 केवी मैलरोज और मौलाना आजाद नगर फीडरों से जुड़े इलाकों में मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यहां पर 33 केवी लाइन का निर्माण हो रहा है। यह जानकारी अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार अग्रवाल ने दी।