अलीगढ़। शासन और बेसिक शिक्षा महकमे की लापरवाही के चलते परिषदीय स्कूलों के बिजली के बिलों के लिए शासन से मिला 16 लाख रुपया समय रहते जमा जमा नहीं कर पाया और इसका नतीजा यह हुआ कि जिले के करीब तीन सौ परिषदीय स्कूलों की बिजली गुल कर दी गई। विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा स्कूली बच्चे भुगत रहे हैं और वह भीषण गर्मी में झुलस रहे हैं।
पिछले वित्तीय वर्ष की समाप्ति से महज चार दिन पहले शासन ने यहां बेसिक शिक्षा विभाग को 16 लाख रुपये परिषदीय स्कूलों में बिजली के बिलों के भुगतान के लिए भेजे। विभाग पर हालांकि उन स्कूलों का ब्यौरा था, जिनके बिल जमा होने थे, लेकिन फिर भी विभागीय अधिकारी समय रहते इस धनराशि को ट्रेजरी में जमा नहीं करा पाए। इसका नतीजा यह हुआ कि यह धनराशि शासन को वापस लौट गई।
अब जिले के करीब 300 परिषदीय स्कूलों की बिजली गुल हो गई है। इसमें काफी परिषदीय स्कूल देहात के हैं। ऐसे में जब भीषण गर्मी पड़ रही है तो विभाग की इस लापरवाही की सजा बच्चों को भुगतनी पड़ रही है। यहां वैसे ही काफी परिषदीय स्कूलों में बिजली नहीं है और उसमें से भी इन स्कूलों में बिजली गुल होेने से बच्चे पसीना-पसीना हो रहे हैं।
इस बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार शुक्ला ने स्वीकार किया है कि शासन ने धनराशि भेजी थी, लेकिन यह यहां समय रहते जमा नहीं हो सकी।