लखनऊ में उत्तर प्रदेश कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन की बैठक में उपस्थित गिर्राज गोदानी, डॉ. राजीव अग्रव?
- फोटो : CITY OFFICE
शीतगृहों में आलू भंडारण के लिए किसानों को 15 रुपये और चुकाने होंगे। अब तक आलू भंडारण का किराया 235 रुपये प्रति क्विंटल था। यह निर्णय उत्तर प्रदेश कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन की रविवार को लखनऊ में हुई बैठक में लिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश गोयल ने आलू से मंडी शुल्क समाप्त करने पर मुख्यमंत्री योगी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शीतगृह में आलू भंडारण की अवधि 31 अक्तूबर तक होगी, इससे आगे शीतगृह चलने पर भंडारणकर्ता को अतिरिक्त भाड़ा देय होगा। 180 दिन से अधिक आलू भंडारित होने पर आलू में सिकुड़ने, वजन कम होने व क्वालिटी की शिकायत आने लगती हैं और शीतगृह व किसानों के मध्य अनावश्यक विवाद उत्पन्न होता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में आलू का रकबा 10 प्रतिशत अधिक और आलू का उत्पादन 10 से 15 प्रतिशत अधिक हुआ है। हाइब्रिड आलू का रकबा बढ़ने से पैदावार भी बढ़ी है। गत भंडारण वर्ष में आलू के भाव बहुत अच्छे रहे, गत 3 वर्षों से शीतगृह स्वामियों ने किसान हित में भाड़े में कोई वृद्धि नहीं कि इस वर्ष डीजल, बिजली, स्टाफ की सैलरी, लोडिंग चार्ज आदि महंगाई बहुत अधिक बढ़ गई है, इसलिए इस वर्ष जूट आलू का सलाहकारी भाड़ा 250 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने बताया कि शीतगृह अधिनियम के अनुरूप किसान शीतगृह पर 10 रुपये बोरी भाड़ा जमाकर अपनी आलू के पैकेटों की संभावित संख्या अवश्य अग्रिम बुक कराना अनिवार्य है। उत्तर प्रदेश के उद्यान सचिव डॉ. आर के तोमर ने कहा कि शीतगृह स्वामियों को केंद्र व प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आलू की ग्रेडिंग के लिए पैकिंग हाउस, किसानों को आलू का अच्छा बीज उपलब्ध कराने व खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाने, कोल्ड प्लांट का आधुनिकीकरण करने व सोलर पैनल लगाने को आगे आना चाहिए। इन सभी पर शासन की तरफ से सब्सिडी प्रदान की जा रहीं हैं।
अलीगढ़ कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष गिर्राज गोदानी ने किसानों से अपील की कि आलू भंडारण करते समय वे आलू के बोरों पर बीज, किर्री, गुल्ला व मोटा आलू अवश्य अंकित कर दें ताकि निकासी के समय झगड़ा न हो। बैठक में अलीगढ़ से गिर्राज गोदानी अध्यक्ष, अतुल अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला महामंत्री, मनोज कुमार अग्रवाल समन्वयक व प्रवक्ता व प्रभारी खाद्य व शीतगृह प्रकोष्ठ, लघु उद्योग भारती उत्तर प्रदेश डॉ राजीव कुमार अग्रवाल उपस्थित हुए।