आशीष श्रीवास्तव
किसानों का आलू खेतों से निकला नहीं है, लेकिन सौदेबाजी अभी से शुरू हो गई है। आलू के आसमान छूते दाम और भविष्य में भी इसके महंगा रहने की संभावना के चलते दिल्ली, पंजाब समेत अन्य राज्यों की बड़ी कंपनियों और खरीदारों ने अभी से खरीद-फरोख्त शुरू कर दी है। किसानों से सीधे संपर्क करके 1400 से 1600 रुपये क्विटल के हिसाब से सौदे हो रहे हैं। ऐसे में मार्च में होने वाली आलू की खुदाई के बाद भी आलू के दाम कम होने के आसार नहीं हैं।
क्या कहते हैं किसान
- दिल्ली की एक पार्टी ने संपर्क किया था। 1400 रुपये प्रति क्विंटल में 600 पैकेट आलू का सौदा हुआ है। फरवरी में आलू खुदाई शुरू होते ही वे खेत से ही माल उठा लेंगे।
- विनीत, किसान, गाँव महुआ
- बाहर की पार्टियों ने तो नहीं, जिले के ही कुछ आढ़तियों और बिचौलियों ने आलू खरीदने के लिए संपर्क किया था। उन्हें मना कर दिया है। किसानों के आलू की असल खरीद आगरा में होती है। अलीगढ़ में यह सौदेबाजी पहली बार सुनी है। - रूपन सिंह, किसान, गाँव खेड़िया
- बाहर की कंपनी और बिचौलिए गांव में आकर किसानों से आलू के लिए सौदेबाजी कर रहे हैं। गांव में आपस में भी सौदे हो रहे हैं। -- संजय चौहान, किसान, गाँव हरदुआ
मंडी में आलू 40 रुपया प्रति किलो
अलीगढ़। धनीपुर मंडी के सब्जी आढ़ती बाबू भाई ने बताया कि इस समय चिप्सोना 1 श्रेणी के आलू के दाम 40 रुपये प्रति किलो हैं। जबकि बाजार में आलू 50 रुपये किलो तक बिक रहा है।
- इस साल आलू का दाम अच्छा है। अगले साल भी आलू के दाम ज्यादा ही रहने के आसार हैं। कच्चे माल के दाम भी 1400 रुपया प्रति पैकेट चल रहे हैं। यदि ऐसा ही हाल रहा तो आलू की खुदाई के समय माल कम रह जाएगा और इसके चलते आलू के दाम बढ़े रहेंगे। कई किसानों ने बताया है कि उनसे दिल्ली समेत अन्य राज्यों की कंपनियों ने आलू खरीद के लिए सौदा किया है।
- गिर्राज गोदानी, अध्यक्ष, जिला कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन