अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) छात्रसंघ चुनाव को लेकर डीन कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर मतदाताओं की सूची चस्पा कर दी गई है। मंगलवार को संशोधित सूची प्रदर्शित होगी।
चस्पा मतदाता सूची को देखने के लिए सुबह छात्र-छात्राओं की भीड़ जुट गई। जिन छात्र-छात्राओं के नाम सूची में नहीं थे, उन्होंने अपना जुड़वाने के लिए आवेदन भी दिया। सूची में सामने आने वाली त्रुटियों और आपत्तियों के आधार पर सुधार की प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को संशोधित मतदाता सूची प्रदर्शित की जाएगी। इस प्रक्रिया के बाद चुनावी कार्यक्रम अगले चरण में पहुंचेगा। छात्रसंघ चुनाव में मतदाता सूची अहम भूमिका निभाती है। सूची में नाम, विवरण या अन्य किसी तरह की त्रुटि होने पर संबंधित विद्यार्थियों को उसे दुरुस्त कराने का अवसर मिलेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्तूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
अध्यक्ष पद पर पांच, उपाध्यक्ष पर छह दावेदार
अध्यक्ष पद के लिए पांच, उपाध्यक्ष पद के लिए छह और सचिव पद के लिए दो दावेदारों के नाम सामने आए हैं। संभावित प्रत्याशी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अपने-अपने अंदाज में प्रचार कर रहे हैं। हालांकि, चुनावी मैदान में कौन-कौन उतरेगा, इसकी अंतिम तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ होगी। अध्यक्ष पद के लिए छात्र अब्दुल वहीद, मोहम्मद इंतिखाब, मोहम्मद जुहैर अहमद, नोमान अशरफ और शरजील इकबाल के नाम चर्चा में हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए छात्र आयमन हफीज खान, अब्दुल्लाह खान, इरफा खान, मोहम्मद सादान, नशरा नईम, साकिब अली खान के नाम सामने आए हैं। सचिव पद के लिए छात्र अहमद फराज रजी और मोहम्मद हम्दान के नाम चर्चा में हैं।
सोशल मीडिया पर प्रचार तेज
एएमयू छात्रसंघ चुनाव को लेकर संभावित दावेदारों ने प्रचार की कमान सोशल मीडिया पर संभाल रखी है। कैंपस में अभी प्रत्याशियों के फ्लैक्स नजर नहीं आ रहे हैं, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया से पहले संभावित प्रत्याशी ऑनलाइन प्रचार के जरिये समर्थन जुटाने में लगे हैं।
छात्रसंघ चुनाव के लिए परीक्षा टली
यूनिवर्सिटी में सोमवार से सेशनल टेस्ट शुरू होना था, लेकिन छात्रसंघ चुनाव के चलते परीक्षा टल गई। अब यह परीक्षा छात्रसंघ चुनाव के बाद होगा।