रात में ही लगता नया ट्रांसफार्मर
- फोटो : संवाद
दादों के गांव गहतोली गंग में 17 मई की रात फुंका ट्रांसफॉर्मर बदलकर बिजली की आपूर्ति सुचारू करा दी गई। 14 दिन से गांव में बिजली न होने पर डीएम अविनाश कुमार ने फटकार लगाई तो विद्युत विभाग ने अपनी रिपोर्ट में दो 2 मई की जगह 12 मई को ट्रांसफॉर्मर फुंकने की बात कही। जेई की लोकेशन आईडी मैप न होने की तकनीकी खामी को देरी की वजह बताया।
दो मई को गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड के चलते फुंक गया था। इससे गांव में रहने वाले करीब 150 परिवार 14 दिन से अंधेरे में थे। शनिवार को गांव में ही ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। रविवार के अंक में अमर उजाला ने -दो मई को फुंका था, 16 को भी नहीं बदला गया ट्रांसफॉर्मर, शीर्षक से ग्रामीणों की यह समस्या प्रमुखता से प्रकाशित की।
डीएम अविनाश कुमार के अनुसार मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिशासी अभियंता राधा किशन से आख्या तलब की गई। अधिशासी अभियंता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दादों बिजली घर से पोषित गांव गहतौली गंग पूर्व में विद्युत वितरण खंड अकराबाद में शामिल था। एक मई को उपकेंद्र दादों और बोनई का विद्युत वितरण मंडल प्रथम में स्थानांतरण कर दिया गया था।
इस वजह से आए तकनीकी कारणों से दादों के अवर अभियंता की लोकेशन आईडी मैप नहीं हो पा रही थी, जिससे फुंका ट्रांसफॉर्मर बदलने में देरी हुई। विभागीय रिपोर्ट में ट्रांसफॉर्मर फुंकने की तारीख 12 मई बताई है। डीएम की नाराजगी पर रविवार को दिन में कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए विभागीय गोदाम से ट्रांसफॉर्मर भेज दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार रात नौ बजे के बाद गांव में दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली की आपूर्ति सुचारू हो गई थी।