नगला माधौ उर्फ कन्नू में 11 दिन से 800 की आबादी अंधेरे में है। गांव की गुटबाजी के चलते ग्रामीण टूटे तीन खंभे पुराने स्थान पर नहीं लगने दे रहे। कुछ लोगों की आपसी प्रतिस्पर्धा का खामियाजा पूरा गांव भुगत रहा है। विवाद के चलते विद्युत विभाग के अधिकारी भी चुपचाप तमाशा देख रहे हैं।
11 दिन पहले हाईटेंशन लाइन के तीन खंभे टूट गए थे और बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई थी। ग्रामीणों ने यह जानकारी दी तो विद्युत विभाग के कर्मचारी पहुंचे और पुराने स्थानों पर ही खंभे लगाने लगे। जिनके दरवाजों के पास खंभे लग रहे थे उन्होंने दूसरी जगह खंभे लगाने की मांग करते हुए पुराने स्थान पर खंभे लगाने का विरोध करने लगे। विवाद की स्थिति देखकर विद्युत कर्मी वहां से लौट गए।
इससे 11 दिन से शाम होते ही गांव में गलियों से घरों तक अंधेरा छा जाता है। करीब 800 की आबादी इससे परेशान है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान उर्मिला देवी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पुराने स्थान पर ही खंभे लगवाकर बिजली की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चार दिन पहले कुछ लोगों ने विद्युत विभाग की अनुमति के बिना दूसरे स्थान पर खंभे लगा दिए हैं। नियमानुसार पुराने स्थान पर ही खंभे लगने चाहिए। विभाग लीपापोती कर रहा है।
कोट...
गांव में बिजली की लाइन लगाने को लेकर विवाद है। पुलिस का सहयोग लेकर दो दिन के अंदर आपूर्ति शुरू कराने का प्रयास है। ग्रामीणों की असुविधा जल्द दूर कराई जाएगी। -पीयूष द्विवेदी, एसडीओ।