मंडल के सभी जिलों में नई पूल्ड आवासीय कॉलोनियां विकसित होंगी। कमिश्नर ने सभी जिलों से इस मामले में प्रस्ताव मांगे हैं। उन्होंने हरियाणा सीमा विवाद मामले का हल सार्थक पैरवी कर निपटाने के निर्देश दिए हैं तो निर्धारित से कम वसूली पर विद्युत, मत्स्य व जल निगम अफसरों को कार्यप्रणाली में सुधार की नसीहत दी है।
कमिश्नरी सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए कमिश्नर जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि 3 से 5 वर्ष पुराने लंबित वादों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए।
लक्षित पट्टों के साथ मंडल में सभी प्रकार के तालाबों का आवंटन सुनिश्चित किया जाय। सभी जनपद नवीन पूल्ड हाउसिंग कॉलोनियों के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करें। वक्फ की जमीनों के साथ-साथ शत्रु और निष्काम संपत्तियों का संरक्षण किया जाए। मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए वसूली में तेजी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों की दुकानों में 26 नवंबर को संयुक्त शिविर स्थापित कर विद्युत कनेक्शन दिए जाएं। जल निगम योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर खुदी सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराएं। लंबित वादों के निस्तारण की धीमी गति पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी ग्राउंड वाटर निकासी की समीक्षा करें। रूफ टॉप वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का डीएम संज्ञान लेते हुए विभागवार समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सीडीओ को निर्देश दिए कि सिंचाई विभाग के डीआरओ कार्यालयों का निरीक्षण करें। सिंचाई विभाग द्वारा सिल्ट सफाई, भूमि पर कब्जा और धारा 70 के मुकदमों की सूचना उपलब्ध न कराने पर नाराजगी जताते हुए कहा इस तरह की पुनरावृत्ति न हो, अन्यथा कार्रवाई को तैयार रहें।
उन्होंने सहायक निदेशक मत्स्य ऐजाज अहमद नकवी की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि वह अपनी कार्यशैली में सुधार करें। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में एटा द्वारा अपेक्षाकृत त्रुटि सुधार कार्रवाई न किये जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आगामी बैठक तक त्रुटिसुधार कार्य पूर्ण कर लें, अन्यथा संबंधित एडीएम कार्रवाई को तैयार रहें। समीक्षा में जनपद एटा की औसत प्रगति असंतोषजनक पाई गई, वहीं कासगंज, हाथरस को अपेक्षाकृत मेहनत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए जनपद अलीगढ़ की स्थिति पर संतोष प्रकट किया गया। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह, डीएम कासगंज चंद्र प्रकाश सिंह, डीएम हाथरस प्रवीण लक्ष्यकार, नगर आयुक्त प्रेम रंजन, अपर आयुक्त कंचन शरण, समस्त सीडीओ एवं एडीएम समेत मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बड़े बकायेदारों की सूची न देने पर विद्युत अफसरों को फटकार
अलीगढ़। विद्युत विभाग द्वारा 50 बड़े बकायेदारों की सूचना के सापेक्ष मात्र 20 बड़े बकायेदारों की ही सूची उपलब्ध कराने पर मंडलायुक्त ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि क्या विभाग के पास 50 बड़े बकायेदारों की सूची उपलब्ध नहीं है। उस पर 20 बड़े बकायेदारों पर 3 करोड़ 40 लाख 6 हजार के बकाये के बाद भी विद्युत कनेक्शन न काटे जाने पर जवाब तलब करते हुए कहा कि जब बकाया है, तो विद्युत आपूर्ति क्यों हो रही है। शासकीय दफ्तरों में बकाये की समीक्षा में गलत आंकड़े प्रस्तुत करने पर मंडलायुक्त ने रोषपूर्ण लहजे में कहा कि बैठक को विद्युत विभाग ने मजाक बना रखा है। हाथरस के बड़े बकायेदारों में नफीसा बेगम पर 73 लाख 51 हजार बकाया है, विद्युत आपूर्ति चालू है। एटा में 6919362 बकाया है, सर्वाधिक बकाया भरत सिंह पर है और विद्युत आपूर्ति बरकरार है। इसी प्रकार कासगंज में कुल 20 बड़े बकायेदारों पर 26335162 की धनराशि बकाया है। कमिश्नर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वसूली कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। लाइन लॉस समीक्षा में पाया गया कि अलीगढ़ में 39, हाथरस में 55, एटा में 60 और कासगंज में 21 प्रतिशत लाइनलॉस हो रहा है। लाइन लॉस में कमी लाने के निर्देश भी दिया गया।