राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने और उसका दहन करने के मामले में जेल गईं अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय व उनके पति अशोक पांडेय ने जमानत के लिए अदालत में याचिका दाखिल की है।
फिलहाल कोर्ट की ओर से उनकी अर्जी पर सुनवाई के लिए कोई तारीख नियत नहीं की गई है। पुलिस ने नोएडा के टप्पल टी-प्वाइंट से मंगलवार रात दोनों को गिरफ्तार किया था। बुधवार सुबह सुबह कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 30 जनवरी को अखिल भारत हिंदू महासभा के बी दास कंपाउंड नौरंगाबाद स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने व पुतला दहन का कार्यक्रम किया गया था। इसकी जानकारी पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पूजा शकुन व अशोक पांडेय सहित 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। अब तक इस मामले में दस लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।