बोर्ड ने दोनों कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि लोडिंग और अनलोडिंग के दौरान उड़ने वाली धूल (फ्यूजिटिव इमीशन) को रोकने के लिए तुरंत प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके।
अलीगढ़ के हरदुआगंज रेलवे स्टेशन पर सीमेंट का कच्चा माल (क्लिंकर) खुले में फेंकने और भारी प्रदूषण फैलाने वाली कंपनियों मंगलम और जेके सीमेंट पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। इनको साइट पर प्रदूषण रोकने के इंतजाम सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं। पालन न होने पर जुर्माने की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन
इस संबंध में स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जिसके बाद बोर्ड की क्षेत्रीय टीम ने 18 सितंबर को मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि रेलवे साइडिंग पर क्लिंकर को खुले में भंडारित किया गया था, जो चारों तरफ बिखरा हुआ था। हैरानी की बात यह है कि घनी आबादी, आवासीय क्षेत्रों और स्कूलों के नजदीक होने के बावजूद यहां साफ-सफाई के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
मौके पर दो एंटी स्मॉग गन तो थीं, लेकिन धूल दबाने के लिए सबसे जरूरी वाटर टैंकर की व्यवस्था नदारद मिली। आसपास के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ रहे गंभीर असर को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मैसर्स मंगलम सीमेंट लिमिटेड और मैसर्स जेके सीमेंट लिमिटेड को कड़ी चेतावनी दी है।
विज्ञापन
बोर्ड ने दोनों कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि लोडिंग और अनलोडिंग के दौरान उड़ने वाली धूल (फ्यूजिटिव इमीशन) को रोकने के लिए तुरंत प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया कि कंपनियों ने इंतजाम कर रखे थे लेकिन वह सुचारू संचालित नहीं थे। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।