सिपाहियों ने चालक को पीटा, रुपये छीने
इगलास (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत काला आम चौकी के सिपाही दबंगई पर उतर आए हैं। वह आए दिन वसूली के लिए वाहन चालकों से मारपीट करते हैं। सोमवार को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है।
राजस्थान के बिलाड़ा निवासी ट्रक चालक रू पाराम ने कोतवाल से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि वह पशुओं से लदा ट्रक लेकर मथुरा से अलीगढ़ की ओर जा रहा था। काला आम चौकी पर कुछ सिपाहियों ने ट्रक रोककर रुपयों की मांग की। बाद में वह कहने लगे कि जो नोट दिए हैं वह नकली हैं। इसी बात को लेकर सिपाहियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप यह भी है कि उन्होंने उससे रुपये भी छीन लिए। घटना की सूचना रू पाराम ने अपने साथियों के साथ कोतवाली पहुंच कर पुलिस को दी। कोतवाल संजीव सिंह चौहान का कहना है कि चालक ने मारपीट की सूचना दी है। उससे सिपाहियों का हुलिया पूछा गया है। जिन सिपाहियों ने मारपीट की है उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।