अलीगढ़ महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र के कारोबारी संग डिजिटल अरेस्ट कर 10 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने खुद को सीबीआई अफसर बनकर डराकर उससे यह ठगी की है। साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बन्नादेवी इलाके के कारोबारी ने बताया कि एक दिसंबर को उनके व्हॉट्सएप पर वीडियो कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई सीबीआई का अफसर बताकर कहा कि आपके खिलाफ सीबीआई जांच जारी है और अरेस्ट वारंट भी जारी हैं।
आपको ऑनलाइन उपस्थित रहना है। डराते धमकाते हुए सुप्रीम कोर्ट का सीबीआई का नोटिस भी दिखाया। इसके बाद अगले दिन फिर कॉल आया। बचाव के नाम पर दो लाख रुपये ऑनलाइन ले लिए। इसके बाद फिर पांच नवंबर को कॉल आया। तब आठ लाख रुपये ले लिए गए। इस बीच उन्हें इतना डराया गया कि वे किसी को कुछ बता न सके। रुपये जाने के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है। अब तक की जांच में ठगी की रकम आंध्र प्रदेश व महाराष्ट्र के खातों में जाना उजागर हुआ है।