पुलिस कर्मी को मुंह में कपड़ा ठूंसकर पीटा
हाथरस के सिकंदराराऊ में झगड़े के दौरान एक पक्ष ने दिखाया दुस्साहस
एक युवक को पीट-पीटकर निर्वस्त्र किया, गंभीर हालत में रेफर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिकंदराराऊ (हाथरस)। नगर के मोहल्ला दमदमा में सोमवार की रात करीब नौ बजे दो पक्ष पुरानी रंजिश को लेकर भिड़ गए। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। फायरिंग भी की गई। एक परिवार ने दूसरे पक्ष को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सरिया के प्रहार से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस में से एक पुलिसकर्मी को कमरे में ले जाकर मुंह में कपड़ा ठूंसकर जमकर पीटा। इसके बाद कोतवाली से पर्याप्त पुलिस बल पहुंचा। स्थिति पर काबू पाने के लिए पीएसी को भी बुला लिया गया। पुलिस के सामने हमलावर तमंचे लहराते हुए भाग गए। इस मामले में दो महिला समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दो नामजद महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मोहल्ला दमदमा में साबिर का परिवार रहता है। इसके सदस्यों के खिलाफ कोतवाली में कई मामले दर्ज हैं। कई बार ये लोग जेल जा चुके हैं। सोमवार की रात करीब नौ बजे साबिर के पुत्र शरीफ, आरिफ, राजू और पुत्री सादाब, चांदनी व गुड़िया, मोहल्ले के ही सुल्तान के घर पहुंचे। वहीं पर पैसे के लेनदेन और पुुरानी रंजिश को लेकर मारपीट शुरू हो गई। यामीन पुत्र सुल्तान को पीट-पीटकर निर्वस्त्र कर दिया। यामीन के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों पक्ष छत पर डट गए और एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। फायरिंग भी की गई।
इस दौरान मोहल्ले में भगदड़ मच गई। काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभालना चाहा तो छत पर चढ़े एक सिपाही को साबिर के लड़के खींचकर कमरे में ले गए। सिपाही के मुंह में कपड़ा ठूंसकर पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस पहुंची और पीएसी बुलाई गई। यामीन को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया गया है। सोबी पुत्र सुल्तान ने शरीफ, सादाब, आरिफ, राजू, चांदनी व गुड़िया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रात में ही चांदनी और गुड़िया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीन वर्ष पूर्व इसी परिवार के झगड़े में मौके पर पहुंचे दरोगा के साथ भी नामजद लोग मजामत कर चुके हैं। उधर, कोतवाल सिकंदराराऊ डीके सिसौदिया का कहना है कि सिपाही की पिटाई का मामला नहीं है। उन्होंने फायरिंग से भी इंकार किया है।