अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार की रात कस्बा जवां के निकट बाइक सवार सिपाही को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही की मौत हो गई। बुलंदशहर निवासी सिपाही राजेश हाथरस में तैनात थे।
राजेश शर्मा (40 वर्ष) पुत्र धर्मवीर शर्मा निवासी नगला घनश्याम थाना पहासू बुलंदशहर यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर हाथरस में तैनात थे। इनकी ड्यूटी फिलहाल मथुरा के बरसाना मेें लगी हुई थी। बताया जाता है कि शुक्रवार को रात की ड्यूटी करके राजेश अपने बच्चे की तबीयत खराब होने के कारण बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वह जवां क्षेत्र में अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर राघव फार्म हाउस के पास पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करते हुए बाइक में टक्कर मार दी, जिससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना थाना पुलिस को दी गई। आनन फानन में इन्हें सीएचसी जवां ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए इन्हें जेएम मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर राजेश के परिजन मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि राजेश के पिताजी धर्मवीर शर्मा यूपी पुलिस में दरोगा थे, जिनकी 2012 में ट्रेन दुर्घटना में मौत हो गई थी। राजेश का छोटा भाई कुलदीप दिव्यांग है, इनके दो पुत्र व एक पुत्री है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ जवां धीरज यादव का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है।