क्षेत्र के गांव सिल्ला विसावनपुर के युवक की जहर देने और पिटाई से हुई मौत के मामले में पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर हत्या की तहरीर खोने और मृत युवक के ससुर से बदसलूकी करने का आरोप लगाया है।
गांव के शकीजान का कहना है कि रक्षाबंधन पर उनके बेटे चांद बाबू को हरदुआगंज के एक युवक ने उधारी के रुपये लौटाने के बहाने बुलाया। आरोप है कि उसे खाने में जहर दिया था, बाद में गांव सपेराभानपुर गांव के लोगों ने उसे चोर समझकर भी पीट दिया था। चांद बाबू ने अपनी पत्नी को जहर देने की बात बताई थी, इसके बाद उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है उन्होंने थाने में कुछ लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में नामजद तहरीर दी है लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया, इस पर उन्होंने बुधवार को चांद बाबू के ससुर को थाने भेजा, जहां उनके साथ पुलिस ने बदसलूकी की। बृहस्पतिवार को गांव के युवक को भेजा तो तहरीर खोने की कहकर टरका दिया।
युवक की मौत जहर से हुई थी ये सही है, लेकिन हत्या है या नहीं ये जांच का विषय है। मृतक के ससुर से बदसलूकी के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली, तहरीर खोई होगी तो उसकी दूसरी कॉपी मंगा ली जाएगी। - राजीव कुमार द्विवेदी, सीओ अतरौली।