बिल्डर द्वारा कब्जाई जमीन से कब्जा हटवाते एसडीएम कोल जोगिंदर सिंह।
- फोटो : Amar Ujala
इगलास-मथुरा हाइवे पर शिवदान सिंह विद्यालय के निकट गांव सहारनपुर की हाइवे से सटी ग्राम समाज की करीब एक हेक्टेयर ऊसर भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर प्लाटिंग मामले में तहसील कोल की टीम ने कार्रवाई की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जोगिंदर सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बांकेबिहारी कालोनी में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण को बुलडोजरों की मद्द से ढहा दिया गया। हालांकि नापजोख का क्रम देर सायं तक जारी था और इसके बुधवार को भी जारी रहने के आसार हैं। इस मामले में कालोनाइजरों पर 60 लाख रुपया जुर्माना लगाया गया है।
ग्राम समाज की ऊसर व बंजर भूमियां भू माफिया के लिए हाट केक बनी हुई हैं। यह लोग तहसील के अभिलेखों में हेर फेर कराकर ग्राम समाज की भूमियों पर कब्जा करने में जुटे हैं। ऐसा ही एक मामला गांव सहारनपुर में देखने को मिला। ग्राम प्रधान की शिकायत थी कि कुछ दबंगों ने मिलकर गांव सहारनपुर में खसरा संख्या 212/410 वर्ग मीटर 213/710 वर्ग मीटर, 214/2000 वर्ग मीटर, 197/2800 वर्ग मीटर, 198/3000 वर्ग मीटर ऊसर जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। डीएम ने एसडीएम कोल को जांच के आदेश दिये। एसडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जोगिंदर सिंह के नेतृत्व में तहसील की टीम ने मंगलवार को मौके पर जाकर अवैध कब्जे को ध्वस्त करा दिया।
उन्होंने बताया कि बिल्डर ने ग्राम समाज की करीब एक हेक्टेयर ऊसर भूमि को अपनी कालोनी बांकेबिहारी कालोनाइजर्स में मिला लिया था। उसने न तो विकास प्राधिकरण से नक्शा पास कराया और न ही तहसील से ही कोई अनुमति ली। इस मामले में कालोनाइजरों राकेश सैनी, चेतन गुप्ता एवं एक अन्य पर 60 हजार रुपया जुर्माना लगाया गया है। मुक्त करायी गई भूमि की कीमत डेढ़ से दो करोड़ रुपये है। नापजोख अभी जारी है।