अलीगढ़ में खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं का स्तर अब नई ऊंचाई छूने जा रहा है। नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बने मंडल के पहले अत्याधुनिक इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट पर ऐसी खास मैपल वुड फ्लोरिंग बिछाई गई है, जो दौड़ते-कूदते समय खिलाड़ियों को झटके से बचाएगी। ‘एयर-रिलीज’ तकनीक से लैस यह फ्लोरिंग न सिर्फ चोट के खतरे को कम करेगी, बल्कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी बेहतर बनाएगी।
38 मीटर लंबे और 35 मीटर चौड़े इस विशाल हॉल में फ्लोरिंग को तीन परतों में तैयार किया गया है। इसकी तकनीक इतनी उन्नत है कि जब खिलाड़ी कोर्ट पर दौड़ेंगे या कूदेंगे, तो उनके पैरों के दबाव से फ्लोरिंग के नीचे मौजूद हवा बाहर निकल जाएगी। इस ''''एयर-रिलीज'''' सिस्टम का फायदा यह है कि खिलाड़ियों के घुटनों और टखनों पर झटका नहीं लगेगा।
कांप्लेक्स के निर्माण और तकनीकी बारीकियों को समझाते हुए अभियंता मनु गर्ग ने बताया कि इसे बेहद वैज्ञानिक तरीके से बनाया गया है। पहली परत के लिए आधार के रूप में सबसे नीचे आरसीसी की पक्की परत बिछाई गई है। दूसरी परत के रूप में इसके ऊपर मैपल वुड की लकड़ी लगाई गई है। इसके नीचे विशेष प्लास्टिक पैड लगाए गए हैं जो शॉक एब्जॉर्बर का काम करते हैं। सबसे ऊपर सिंथेटिक फ्लोरिंग की गई है, जो खेल के दौरान बेहतरीन ग्रिप प्रदान करती है।
क्यों चुनी गई मैपल की लकड़ी
अभियंता मनु गर्ग के अनुसार, मैपल वुड अपनी अत्यधिक मजबूती और टिकाऊपन के लिए जानी जाती है। यह घिसावट झेलने में दुनिया की सबसे सक्षम लकड़ियों में से एक है, इसीलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल कोर्ट और बॉलिंग एली बनाने में इसी का उपयोग होता है। यह लकड़ी सख्त होने के साथ-साथ लचीलापन भी प्रदान करती है।
इस नए इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के शुरू होने से न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे मंडल के उभरते हुए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बुनियादी ढांचा मिलेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।