अकराबाद के कुछ गांवों में एक गैर सरकारी संस्था द्वारा बिना अनुमति हैंडपंप के साथ शिलालेख भी लगवाया गया है। इस शिलालेख में दर्ज विवरण अरबी भाषा में है। इसमें तिरंगे के साथ कुवैत का ध्वज अंकित है। इसके अलावा राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ पर 24 के बदले आठ तीलियां होने के कारण लोगों में आक्रोश है। शिलालेख लगने के बाद अफवाहों का बाजार गर्म है। भाजपा विधायक की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच एसडीएम कोल को सौंप दी है। हैंडपंप लगाने के काम पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
अकराबाद के खुर्रमपुर के पास स्थित गांव दुबया व कुछ अन्य गांवों में हैंडपंप ‘नंबर 4 मशीन’ लगाई गई है। हैंडपंप के साथ एक शिलालेख लगाया गया है, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ खाड़ी देश कुवैत का ध्वज अंकित है। राष्ट्रीय ध्वज के चक्र में 24 के बदले सिर्फ आठ तीलियां हैं, जो भारतीय ध्वज संहिता का उल्लंघन है। शिलालेख पर अरबी में विवरण लिखा है।
छर्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर रवेंद्रपाल सिंह को ग्रामीणों ने शिकायत की थी। विधायक ने जिलाधिकारी से इस मामले की शिकायत की है। रवेंद्र पाल सिंह का कहना है कि अकराबाद के ग्राम खुर्रमपुर के एक मुस्लिम व्यक्ति द्वारा यह हैंडपंप लगवाए जा रहे हैं। जब उससे संपर्क किया गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उसने हैंडपंप लगाने के लिए किसी सरकारी विभाग से अनुमति नहीं ली है। रवेंद्रपाल सिंह का कहना है कि विदेशी ध्वज लगाने एवं राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से लोगों में भारी आक्रोश है। लोग आशंका जता रहे हैं कि कहीं यह कोई विदेशी चाल तो नहीं है। ठाकुर रवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम कोल को जांच सौंप दी है। हैंडपंप लगाने का काम रोक दिया गया है।
.
कुवैत का शेख अब्दुल्ला नूरी चैरिटेबल ट्रस्ट लगवा रहा हैंडपंप
हैंडपंप के साथ लगवाए जा रहे शिलालेख को पढ़ने के लिए अमर उजाला द्वारा एएमयू के अरबी विभाग के प्रो. एमएस उमरी की सहायता ली गई। उनके अनुसार अरबी पाठ का भाव कुछ इस प्रकार है....
कुवैत राज्य आपके पक्ष में है।
शेख अब्दुल्ला नूरी चैरिटेबल सोसाइटी।
भारत के भाइयों के लाभ के लिए हैंडपंप स्थापित।
पर्यवेक्षण
शेख अब्दुल्ला नूरी चैरिटेबल ट्रस्ट - मुख्यालय कुवैत।
कार्यान्वयन
बाबू एजुकेशन सोसाइटी इंडिया।
साइट
--------
देश -भारत
राज्य - यूपी
शहर - अलीगढ़
गांव - शंकरनगर
दिनांक - 10/8/2020
अनुबंध संख्या - 64271
---