अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी क्षेत्र के खैर बाईपास रोड स्थित क्राउन प्लाजा होटल में 10वीं की 15 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी के साथ होटल मालिक और एक कर्मचारी को भी गिरफ्तार कर लिया है। होटल को सील कर दिया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक होटल बंद रहेगा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार होटल संचालक प्रियेंद्र प्रताप थाना बन्नादेवी का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि होटल संचालक ने छात्रा की उम्र और परिस्थितियों की अनदेखी करते हुए आरोपी को कमरा उपलब्ध कराया। होटल कर्मचारी ने भी पूरे घटनाक्रम में सहयोग किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। सीओ बन्नादेवी धनंजय सिंह के अनुसार सोमवार को क्षेत्र के एक युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी विशाल उर्फ मोंटी निवासी शक्ति नगर उसकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर खैर बाईपास रोड स्थित क्राउन प्लाजा होटल ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने होटल की भूमिका की भी जांच की। जांच में सामने आया कि होटल का मालिक प्रियेंद्र प्रताप निवासी खैर बाईपास रोड, थाना बन्नादेवी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित कुल 11 गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वह अपने होटल में युवक-युवतियों को बिना नियमों का पालन किए कमरे उपलब्ध कराता था।
पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन प्रियेंद्र प्रताप और होटल कर्मचारी आयुष निवासी ऊसईय्या समस्तीपुर बिहार, हाल निवासी होटल क्राउन प्लाजा ने आरोपी विशाल का सहयोग किया और नाबालिग के होटल में रहने के दौरान निगरानी भी की। मुख्य आरोपी विशाल के खिलाफ भी पहले से मारपीट और धमकी के मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।