भाजपा के मेयर पद के प्रत्याशी राजीव अग्रवाल को मुहैया कराए गए गनर की गोली से हुई कोरी समाज के 17 वर्षीय नितिन माहौर की हत्या के विरोध में सैकड़ों की संख्या में हत्यारों को फांसी दो की तख्ती लेकर कोरी एवं दलित समाज के लोगों ने अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट कूंच किया।
जुलूस में शामिल महिला पुरुषों ने समवेत स्वरों में नितिन के हत्यारों को फांसी की सजा देने, पीड़ित परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी एवं एक करोड़ रुपया बतौर मुआवजा देने की मांग की। इस बीच बसपा नेता एवं पूर्व विधायक जमीरउल्लाह के जुलूस में पहुंचने पर समाज के कुछ लोगों ने उनका जमकर विरोध करते हुए जमीरउल्लाह मुर्दाबाद और वापस जाओ के नारे लगा डाले।
अखिल भारतीय कोरी कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेमचंद कोरी ने नितिन के हत्यारों को फांसी की सजा एवं पीड़ित परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी एवं 1 करोड़ रुपये राज्य सरकार द्वारा देने की मांग की। अखिल भारतीय कोरी कोली समाज के जिलाध्यक्ष सनी माहौर ने कहा कि आज के धरने में कुछ लोगों द्वारा बसपा नेता जमीरउल्लाह को धरने में बुलाकर नितिन की मौत पर राजनीति की कोशिश की है।
नितिन के हत्यारों को गिरफ्तार कराने को लेकर आंदोलन की आवश्यकता पड़ी तो उससे भी पीछे नही हटेंगे। सराय कावा वार्ड 7 से पार्षद सूरज माहौर ने कहा कि स्वतंत्र जनता राज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश माहौर द्वारा जमीरउल्लाह को बुलाकर नितिन की मौत पर राजनीति करना शर्मनाक है। जयगंज निवासी हरस्वरूप माहौर व संजय माहौर व संजू बजाज ने कहा कि समाज के बेटे की मौत पर अपनी राजनीति चमकाने वालों का विरोध किया गया है।
बसपा नेता जमीरउल्लाह केवल मुस्लिमों के नेता हैं। आज वह दलितों के नाम पर राजनीति करने चले हैं। नितिन के हत्यारों की गिरफ्तारी न होना भी एक दुर्भाग्यपूर्ण है। जल्द ही एसएसपी से मिलकर सीबीसीआईडी जांच की मांग की जाएगी। इस मौके पर हरीश, सूरज माहौर, कोरी समाज के जिलाध्यक्ष सनी माहौर, मनोज माहौर, सोनू माहौर, राकेश, हरस्वरूप, संजय, सचिन, हिमालय, पवन, सिंटू, सनी, शेरू, गगन, कन्हैया, सेटी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
नितिन माहौर की दर्दनाक मौत पर पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। इसी मुद्दे पर कोरी समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। मैं उनके साथ गया था, मंच पर संबोधित भी किया। इसी दौरान कुछ भाजपाई वहां पहुंचे और उन्होंने जमीरउल्लाह मुर्दाबाद के नारे लगाए। मैंने उनको देखा और सुना है लेकिन मैं नितिन प्रकरण में पूरे समाज के साथ हूं। अब मुसलिम समुदाय भी नितिन के साथ है।
-हाजी जमीरउल्लाह, बसपा नेता एवं पूर्व विधायक