गुरूरामदास नगर में गंदगी और जलभराव से परेशान लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
। सारसौल साईं विहार स्थित गुरु रामदास नगर निवासियों ने घरों पर मतदान बहिष्कार का पोस्टर चिपका दिया है। गुस्सा का कारण जलभराव एवं गंदगी है। लोगों का कहना है कि वह नरकीय जीवन जी रहे हैं। कोई सुनने वाला नहीं है।
कुछ साल पहले गुरुरामदास नगर नगर निगम में शामिल हुआ है। मोहल्ले में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। घरों का पानी सड़कों पर आ जाता है। सड़क पर चलना मुश्किल है। नल कीचड़ एवं पानी में डूबा है। बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। बिजली ट्रांसफार्मर के नीचे जलभराव रहता है। करंट उतरने पर जान को खतरा है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने घरों पर मतदान बहिष्कार का पोस्टर चस्पा कर दिया है। प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों से आग्रह किया है कि हमारे घर वोट मांगने नहीं आएं, क्योंकि हम किसी को भी वोट नहीं करेंगे। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने कहा कि मतदान बहिष्कार करने की चेतावनी की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास करूंगा।
एक साल से हम लोग परेशानी झेल रहे हैं। कोई सुनने वाला नहीं है। हम लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
- राजू अरोड़ा
--
नगर निगम, जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक पर शिकायत हो चुकी है। कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही।
- गौरव सारस्वत
यहां महीनों से जलभराव एवं गंदगी है। कई लोग बीमार हुए। मच्छरों का प्रकोप रहता है। बीमारी फैलने का अंदेशा है।
- सीमा
ट्रांसफार्मर के नीचे जलभराव रहता है। कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो रही है।
- अंशू शर्मा
- कोरोना महामारी के समय लोग डरे हुए थे। डेंगू एवं मलेरिया से जनपद में हायतौबा मची थी। कोई पूछने तक नहीं आया।
- ऋचा पालीवाल
समस्याओं से लोग बहुत परेशान हैं। समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोग विधान सभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।
- हरीश